Cricket

जायसवाल बने ICC पुरस्कार के दावेदार, इंग्लैंड के खिलाफ बनाए 655 रन

जायसवाल को पहली बार नामांकन मिला है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट में 655 रन बना लिये हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 04, 2024 | 7:47 PM IST

इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट श्रृंखला में सर्वाधिक रन बना चुके भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल आईसीसी फरवरी महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में हैं जबकि न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और श्रीलंका के पाथुम निसांका भी नामित हैं।

आईसीसी ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने फरवरी 2024 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिये महिला और पुरूष वर्ग में नामांकन का ऐलान किया है।’’

इसमें कहा गया ,‘‘ पिछले महीने कई बड़े मुकाबले खेले गए और आईसीसी महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में टेस्ट क्रिकेट में बड़े स्कोर बनाने वाले दो खिलाड़ी और श्रीलंका के रिकॉर्ड तोड़ने वाले वनडे बल्लेबाज हैं ।’’ जायसवाल को पहली बार नामांकन मिला है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट में 655 रन बना लिये हैं।

उन्होंने विशाखापत्तनम और राजकोट में दोहरे शतक जड़े थे। राजकोट में उन्होंने एक टेस्ट पारी में सर्वाधिक 12 छक्कों के रिकॉर्ड की भी बराबरी की थी। बाईस वर्ष 49 दिन की उम्र में लगातार दो दोहरे शतक जड़ने वाले वह डॉन ब्रैडमेन और विनोद कांबली के बाद दुनिया के तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने। दूसरी ओर विलियमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में पहली जीत में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने माउंड माउंगानुइ में पहले टेस्ट में दो शतक जमाने के बाद हैमिल्टन में नाबाद 133 रन बनाये। निसांका ने अफगानिस्तान के खिलाफ पल्लेकेल में श्रीलंका के लिये वनडे में पहला दोहरा शतक जमाया। महिला वर्ग में यूएई की कविशा ई और ईशा ओझा और आस्ट्रेलिया की अनाबेल सदरलैंड नामित हैं।

First Published : March 4, 2024 | 7:47 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)