संयुक्त राष्ट्र आईटी कंपनी सत्यम कंप्यूटर्स को अपने अनुबंध को समाप्त करने के लिए बातचीत कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने यह भी कहा कि विश्व निकाय के वेंडर डेटाबेस से सत्यम का निलंबन जारी रहेगा।
एजेंसी ने जनवरी माह में साफ्टवेयर निर्यातक को डेटाबेस से निलंबित कर दिया था। संयुक्त राष्ट्र खरीद शाखा के निदेशक पाल बुआदेस ने कहा सत्यम का निलंबन जारी रहेगा। संयुक्त राष्ट्र और सत्यम कंप्यूटर संभवत: ठेका समाप्त करने के बारे में बातचीत कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर संयुक्त राष्ट्र का सत्यम के साथ कितना ठेका है बुआदेस ने कहा संयूक्त राष्ट्र सचिवालय खरीद विभाग की केवल एक परियोजना है।
सत्यम का घोटाला इस साल जनवरी महीने में उस समय प्रकाश में आया था जब कंपनी के संस्थापक बी रामलिंग राजू ने धोखाधड़ी की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की थी। कंपनी फिलहाल अपनी 51 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया में है और इस संबंध में उसे कई रूचि पत्र प्राप्त हुए हैं।
इसके अलावा सत्यम में जारी घटनाक्रम के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र ने अपनी शाखा इंटरनेशनल कंप्यूटिंग सेंटर से परियोजनाओं के लिए कंपनी बदलने को कहा है। सत्यम आईसीसी के साथ उप अनुबंधक के रूप में काम करती रही है।
आईसीसी अपने ग्राहकों को व्यापक स्तर पर सूचना और संचार प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराता रहा है। अधिकारी ने कहा संयुक्त राष्ट्र सचिवालय की कई परियोजनाएं इंटरनेशनल कंप्यूटिंग सेंटर देख रहा है जिसमें सत्यम जुड़ी हुई है। सत्यम उप अनुबंधक के रूप में काम करती रही है।