देश की दूसरी सबसे बड़ी रियल्टी कंपनी यूनिटेक लिमिटेड गुड़गांव में प्रीमियम आवासीय परियोजना के पूरा होने में हो रहे विलंब से भड़के ग्राहकों का गुस्सा शांत करने में जुट गई है।
ग्राहकों का आरोप है कि नगदी की किल्लत के चलते यह कंपनी 90 फीसदी भुगतान ले लेने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं कर पा रही है। कुछ दिन पहले डीएलएफ के ग्राहक भी उसकी दो परियोजनाएं विलंबित होने से भड़क उठे थे।
यह मामला दरअसल गुड़गांव में यूनिटेक के निर्माणाधीन ‘वर्ल्ड स्पा’ अपार्टमेंट और विला से जुड़ा है। प्रति इकाई 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली इस परियोजना के पूरा होने में हुए विलंब से ग्राहक काफी उग्र हैं।
यूनिटेक के एक ग्राहक ने गुस्सेभरे अंदाज में बताया, ”इस प्रॉपर्टी पर हमारा कब्जा 2006 की दूसरी छमाही में ही मिलने वाला था। लेकिन इसके ढाई साल बाद भी इस प्रॉपर्टी पर कब्जा नहीं मिल सका है। हैरानी की बात तो यह कि यह कब पूरा होगा र्कोई नहीं जानता। यह परियोजना अभी तो पूरा होने से काफी दूर है।”
ग्राहकों के मुताबिक, यूनिटेक भेजे जा रहे पत्रों और शिकायतों को नजरअंदाज कर रही है। इस निर्माणाधीन वर्ल्ड स्पा में कुल 367 अपार्टमेंट हैं। परियोजना दो भागों स्पा पूर्व और स्पा पश्चिम में बंटी है। पूर्व के 5 टावरों में जहां 159 अपार्टमेंट हैं, वहीं पश्चिम के 6 टावरों में 208 अपार्टमेंट हैं।
ग्राहकों की शिकायत है कि यूनिटेक ने उससे कुल कीमत का 90 फीसदी वसूल लिया है। इस तरह उसके खाते में बहुत पहले ही 450 करोड़ रुपये से अधिक जमा हो चुके हैं। यूनिटेक के अधिकारियों ने हालांकि इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि परियोजना सही दिशा में चल रही है।
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया, ”वर्ल्ड स्पा में अपार्टमेंट का आवंटन शुरू हो चुका है। पूर्व के सभी 5 टावरों का हस्तांतरण शुरू हो चुका है जबकि पश्चिम के एक टावर में भी यह प्रकिया प्रारंभ हो चुकी है। अगले कुछ महीनों में सारे के सारे अपार्टमेंट उनके ग्राहकों को सौंप दिए जाएंगे।”
अधिकारी इस देरी का ठीकरा उल्टा ग्राहकों पर ही फोड़ रहे हैं। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया, ”यह देरी यूं ही नहीं हुई। ग्राहकों ने अपार्टमेंट का ढांचा बदलने की मांग की थी। इस चलते काम खत्म होने में देरी हुई। पश्चिमी टावरों में अब फिनिशिंग का काम हो रहा है। इसमें अभी कुछ और महीने लगेंगे।”