टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और राजस्थान रॉयल्स ने एक समझौता किया है, जिसके तहत उसने तीन सालों के लिए टीसीएस को अपना तकनीकी साझेदार (टेक्नोलॉजी पार्टनर) नियुक्त किया है।
यह टीसीएस के अपनी ब्रांडिंग को मजबूत करने का एक सुनहरा मौका होगा क्योंकि कंपनी के लोगो को टीम की टोपी और हेल्मटों पर जगह दी जाएगी। इस करार के वित्तीय पहलू के बारे में कंपनी ने कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया।
इस सौदे के तहत टीसीएस राजस्थान रॉयल्स को मैदान पर और मैदान के बाहर आईटी सेवाएं मुहैया करवाएगी, जिससे टीम और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार हो सके।
कंपनी के ग्लोबल मार्केटिंग प्रमुख जयंत पंडेरकर ने बताया कि, ‘हमने ऐसे सॉफ्टवेयरों का विकास किया है, जिससे खिलाड़ियों को खेल के दौरान अपने आंकड़ों पर नजर रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए हम रेडियो फ्रिक्वेंसी आईडी टैग्स का इस्तेमाल करेंगे, ताकि बॉलरों को बॉलिंग करते वक्त इस बात का पता हो कि उसने कितने हिस्से को कवर कर रखा है।
साथ ही, इस साझेदारी की वजह से दर्शकों को खेल देखने में भी काफी मजा आएगा।’ टीसीएस के देश में मार्केटिंग प्रमुख बिल्का सिंह ने बताया कि कंपनी आगे चल राजस्थान रॉयल्स के साथ लॉयलटी प्रोग्राम्स, वैल्यू ऐडड सर्विस और सुरक्षा के उपायों पर भी काम करेगी।