रियल एस्टेट कंपनी शोभा डेवलपर्स ने करीब 350 करोड़ रुपये के कर्ज को पुनर्गठित करने की घोषणा की है।
कंपनी का कहना है कि इसके लिए तीन म्युचुअल फंड कंपनियों से अनुमति मिल चुकी है। कर्ज की इस रकम का भुगतान 12 महीनों में किया जाएगा, जो अप्रैल 2010 से शुरू होगा।
इसके साथ ही कंपनी करीब 900 करोड़ रुपये के कर्ज को भी पुनर्गठित करने की योजना बना रही है। गौरतलब है कि कंपनी पर करीब 1,900 करोड़ रुपये का कर्ज है। कंपनी का कहना है कि म्युचुअल फंडों की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद 350 करोड़ रुपये के कर्ज को पुनर्गठित किया गया है।
साथ ही 12 बैंक और वित्तीय संस्थानों से करीब 600 करोड़ रुपये के कर्ज को पुनर्गठित करने की बात चल रही है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि ये सभी कर्ज उन परियोजनाओं के लिए थे, जो अब पूरा होने को हैं। इस पर औसतन करीब 13.72 फीसदी की दर से ब्याज लग रहा है।
कंपनी का कहना है कि इस साल सिंतबर तक वह 900 करोड़ रुपये के कर्ज को पुनर्गठित कर लगी। इनमें से करीब 400 करोड़ रुपये के कर्ज का भुगतान इसी कैलेंडर वर्ष में कंपनी को करना है।
कर्ज को पुनर्गठित करने के साथ ही कंपनी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए करीब 20 से 25 फीसदी तरजीही शेयर जारी करने की योजना भी बना रही है। इससे कंपनी को करीब 300 करोड़ रुपये की आमदनी होगी, जिसका उपयोग कर्ज के भुगतान में किया जा सकता है। गौरतलब है कि कंपनी के प्रवर्तकों के पास करीब 87 फीसदी शेयर हैं।
इसके साथ ही कंपनी पैसे की व्यवस्था के लिए कुछ जमीन बेचने की तैयारी भी कर रही है। कंपनी के पास करीब 3,000 एकड़ जमीन है, जिनमें से करीब 200 एकड़ जमीन की बिक्री की जा सकती है। कंपनी के एक अधिकारी का कहना है कि इससे करीब 500 करोड़ रुपये की आमदनी हो सकती है।
करीब 350 करोड़ रुपये के कर्ज को किया पुनर्गठित
20 से 25 फीसदी तरजीही शेयर जारी करने की योजना
पैसे के लिए जमीन बेचने की भी तैयारी