बुद्धू बक्से पर पिछले साल धूम मचाने वाला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फिर से लौट रहा है।
पिछले साल इसके जरिये इसको प्रसारित करने वाले चैनल सैट मैक्स ने 500 करोड़ रुपये की मोटी कमाई की। इस बार माहौल भले ही मंदी का हो लेकिन चैनल आईपीएल के जरिये अपनी कमाई और बढ़ाने की जुगत में है।
चैनल ने शुरुआती कुछ मैचों के लिए विज्ञापन समय 200 करोड़ रुपये में बेचा है। अभी फिलहाल, चैनल ने 50 फीसदी विज्ञापन समय ही बेचा है लेकिन, इस प्रतियोगिता के दूसरे दौर में चैनल विज्ञापनों के लिए वसूल की जाने वाली रकम में काफी इजाफा भी कर सकता है।
45 दिनों की अवधि वाला आईपीएल का दूसरा सत्र 10 अप्रैल से 24 मई तक चलेगा। मंदी का कुछ असर तो आईपीएल पर भी पड़ता दिख रहा है। इसके चलते चैनल ने विज्ञापन की दरों को पिछले साल के मुकाबले 18 फीसदी तक घटा दिया है। लेकिन, यह दरें शुरुआती 17 से 20 मैचों के लिए ही हैं।
चैनल 10 सेकंड के विज्ञापन के बदले शुरू में 3.25 लाख रुपये ही लेगा। वैसे, चैनल के मुख्य प्रायोजकों को पूरे टूर्नामेंट के दौरान विज्ञापनों के लिए इतनी ही रकम खर्च करनी होगी। सेट मैक्स ने पुष्टि की है कि वोडाफोन और एयरटेल चैनल की मुख्य प्रायोजक होंगी जबकि पेप्सी, मैक्स न्यूयॉर्क लाइफ, हैवल्स इंडिया और हुंडई एसोसिएट प्रायोजक होंगी।
इस तरह की बातें भी चल रही हैं एसोसिएट स्पाँसरशिप स्लॉट के लिए नोकिया और एलजी के साथ बातचीत चल रही है। सेट मैक्स का संचालन करने वाली कंपनी मल्टी स्क्रीन मीडिया के नेटवर्क सेल्स के प्रेसीडेंट रोहित गुप्ता कहते हैं, ‘यह सही है कि हमने 50 फीसदी एयर टाइम बेचा है, लेकिन इस बारे में कोई ब्यौरा फिलहाल मैं नहीं दे सकता।’
इस बात की भी खबरें हैं कि चैनल ने एकमुश्त विज्ञापन समय खरीदने वाली कंपनियों को भी छूट दी है। ऐसी कंपनियों को 4 लाख रुपये प्रति 10 सेकंड की दर में 10 से 15 फीसदी तक की छूट दी गई है।
दरअसल, पिछले साल जब आईपीएल शुरू हुआ था तब किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आयोजन इस कदर सफल साबित होगा। इसलिए पिछले साल टूर्नामेंट की शुरुआत में चैनल 10 सेकंड के विज्ञापन के लिए 2 लाख रुपये ले रहा था। लेकिन, जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ता गया और लोकप्रियता की सारी हदों को पार करता गया, वैसे-वैसे चैनल ने अपनी विज्ञापन दर में भी बढ़ोतरी करनी शुरू कर दी।
मुनाफे का चौका
चैनल ने 50 फीसदी एयरटाइम बेचा लगभग 200 करोड़ रु. में
एयरटेल, वोडाफोन, पेप्सी, मैक्स न्यूयॉर्क लाइफ, हुंडई और सीएफएल इंडिया बनी प्रायोजक