बिजनेस प्रौसेस आउटसोर्सिंग(बीपीओ) के क्षेत्र की महारथी कंपनी रिलायंस बीपीओ अगले महीने से कोलकाता, हैदराबाद और चेन्नई में भी कंपनी के केंद्र खोलने वाली है।
अनिल धीरूभाई अंबानी समूह की यह कंपनी विस्तार की योजना के तहत यह कदम उठा रही है। इसमें से प्रत्येक केंद्र में लगभग 1,500 कर्मचारियों को नियुक्त किया जाएगा।
रिलायंस बीपीओ प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी रजनीश विरमानी ने कहा, ‘इन केंद्रों के लिए हम फ्रैंचाइजी मॉडल अपनाएंगे। इससे हमें खासा फायदा होगा। कंपनी को केंद्र खोलने में बेहद कम वक्त लगेगा।’ इस योजना को अमली जामा पहनाने के लिए कंपनी तिरुपति में पहले ही जमीन का अधिग्रहण कर चुकी है। यहां स्थापित होने वाले केंद्र में कर्मचारियों की संख्या 1,400 होने का अनुमान है।
रिलायंस बीपीओ फिलहाल अनिल धीरू भाई अंबानी समूह की कैप्टिव कंपनी है यानी यह समूह के ही काम आती है। कंपनी फिलहाल समूह की तमाम कंपनियों को कारोबार के लिए सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी में अभी लगभग 8,500 कर्मचारी हैं। इसकी सबसे बड़ी ग्राहक कंपनी रिलायंस इन्फोकॉम है।
कंपनी लगभग 80 फीसद कारोबार वॉयस आधारित सेवाओं के जरिये मुहैया कराती है। बाकी 20 फीसद काम नॉन वॉयस आधारित है। कंपनी रिलायंस एनर्जी को भी महत्वपूर्ण सेवा मुहैया कराती है। इसके वॉयस आधारित कारोबार का संचालन रिलायंस इन्फोस्टीम्स के जरिये किया जाता है।
आने वाले दिनों में कंपनी की बीपीओ इकाई को समूह से अलग कर एक नई कंपनी के रूप में पेश कर सकती है। हीरो, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, और लार्सन एंड टुब्रो जैसी कई बड़ी कंपनियां तथा आदित्य बिड़ला और हिंदुजा समूह भी ऐसा कर चुके हैं।