कंपनियां

REC की चालू वित्त वर्ष में 1.5 लाख करोड़ रुपये जुटाने की योजना

आरईसी जुटाएगी 1.5 लाख करोड़ रुपये, पहले यह राशि थी 1.2 लाख करोड़ रुपये

Published by
भाषा   
Last Updated- November 30, 2023 | 11:44 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की आरईसी लि. चालू वित्त वर्ष में 1.5 लाख करोड़ रुपये जुटाएगी। कंपनी के निदेशक मंडल ने जुटायी जाने वाली राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पहले यह राशि 1.2 लाख करोड़ रुपये थी। कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि आरईसी के निदेशक मंडल ने 30 नवंबर को हुई बैठक में बाजार उधारी कार्यक्रम में संशोधन को मंजूरी दे दी।

इसमें 2023-24 के लिए निजी/ सार्वजनिक नियोजन के आधार पर बॉन्ड/डिबेंचर, सावधि ऋण, बाह्य वाणिज्यिक उधारी, वाणिज्यिक पत्र आदि के जरिये 1,50,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी शामिल है। पहले यह राशि 1,20,000 करोड़ रुपये थी।

इसमें कहा गया कि उक्त संशोधित बाजार उधारी कार्यक्रम के तहत निदेशक मंडल द्वारा इस संबंध में सौंपी गई शक्तियों के अनुसार सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान समय-समय पर धन जुटाया जाएगा।

निदेशक मंडल ने हिंदुस्तान पावर एक्सचेंज लिमिटेड (एचपीएक्स) में 14.25 करोड़ रुपये तक की राशि (यानी एचपीएक्स की 75 करोड़ रुपये की प्रस्तावित इक्विटी शेयर पूंजी का 19 प्रतिशत तक) के इक्विटी निवेश के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।

First Published : November 30, 2023 | 11:39 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)