देश फिलहाल कोविड-19 की दूसरी घातक लहर से जूझ रहा है और ऐसे में टीकाकरण की बेहद आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकी फर्म प्रैक्टो ने 1 करोड़ से अधिक भारतीयों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने कॉरपोरेट सुरक्षा नाम से एक कार्यक्रम की घोषणा की है जो देश भर में कंपनियों के लिए एक कॉरपोरेट टीकाकरण कार्यक्रम है।
इस कॉरपोरेट टीकाकरण कार्यक्रम के तहत कंपनियों के लिए पंजीकरण अब शुरू हो चुका है ताकि वे अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को जल्द से जल्द टीका लगवा सकें। इसके अलावा कंपनियां प्रैक्टो की कल्याण योजनाओं के तहत पंजीकरण के लिए भी समान लिंक का उपयोग कर सकती हैं। इसके तहत कर्मचारियों को अन्य स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ 22 विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी मिलेगी।
प्रैक्टो के स्वास्थ्य सेवा रणनीति अधिकारी डॉ अलेग्जेंडर कुरुविला ने कहा, ‘देश फिलहाल इस वायरल प्रकोप के दूसरे घातक चरण से जूझ रहा है। अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण ही इससे निपटने का एक कारगार उपाय है। ऐसे में बड़े पैमाने पर टीकाकरण काफी महत्त्वपूर्ण है।’ उन्होंने कहा, ‘सरकार कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों की सूची को
लगातार बढ़ाने पर काम कर रही है। प्रैक्टो इस कार्यक्रम को तेजी और कुशलता से आगे बढ़ाने में पूरी मदद कर रही है।’
हालांकि देश में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या में चिंताजनक वृद्धि हो रही है और देश में टीकों की कमी के बारे में भी खबरें आ रही हैं। प्रैक्टो ने अपने टीकाकरण कार्यक्रम के लिए किसी समय-सीमा का उल्लेख नहीं किया और यह भी नहीं बताया कि उसके पास पर्याप्त टीका उपलब्ध है। कंपनी ने कहा कि हरेक कंपनी अथवा समुदाय के लिए समय-सीमा अलग-अलग होगी। यह स्थान और कर्मचारियों की संख्या पर भी निर्भर करेगी।
प्रैक्टो ने अपने नेटवर्क में मौजूद हजारों अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की मदद से इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
पहले चरण में करीब 500 कंपनियों (लगभ्भग 10 लाख भारतीयों) ने इस कार्यक्रम से जुडऩे में दिलचस्पी दिखाई है। प्रैक्टो इसके लिए शिविर लगाएगी। इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए वह अस्पतालों, टीका लगाने वालों और आपूर्ति शृंखला की कंपनियों आदि के अपने दमदार नेटवर्क के साथ काम कर रही है। आने वाले दिनों में अस्पतालों में टीकाकरण कार्यक्रम चालाए जाएंगे जबकि देश के 30 शहरों में कंपनियों के कार्यालयों में विशेष टीकाकरण शिविर भी लगाए जाएंगे।