पीरामल फार्मा ने कार्लाइल के लिए हिस्सेदारी बिक्री पूरी की

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 11:02 PM IST

पीरामल एंटरप्राइजेज की इकाई पीरामल फार्मा ने कंपनी में 3,523.40 करोड़ रुपये में अपनी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी की अमेरिकी वैश्विक निवेश कंपनी कार्लाइल गु्रप इंक. को बिक्री प्रक्रिया पूरी कर ली है।
कंपनियों ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि पीरामल फार्मा को कार्लाइल गु्रप इंक. द्वारा प्रबंधित सीएपी वी मॉरिशस लिमिटेड की संबद्घ इकाई सीए अलकेमी इन्वेस्टमेंट्स से 3,523.40 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
बयान में कहा गया है कि यह सौदा भारतीय फार्मास्युटिकल क्षेत्र में सबसे बड़े निजी इक्विटी सौदों में से एक है। इससे पीरामल फार्मा लिमिटेड (पीपीएल) को विकास पूंजी हासिल हुई है जिससे उसे विलय एवं अधिग्रहण और मौजूदा परिचालन के विस्तार के जरिये व्यावसायिक वृद्घि में मदद मिलेगी।
पीरामल एंटरप्राइजेज की कार्यकारी निदेशक नंदिनी पीरामल ने कहा, ‘हम पीरामी फार्मा में कार्लाइल के निवेश का सौदा पूरा होने की घोषणा कर बेहद उत्साहित हैं। इस सौदे के पूरा होने के साथ अब हम भविष्य में नए अवसरों और अपनी वृद्घि की योजनाओं को मजबूत बनाने के लिए कार्लाइल की गहन दक्षता और वैश्विक क्षमता का लाभ उठाने की संभावना तलाशेंगे।’
पीरामल के दवा व्यवसाय में यह नया निवेश फार्मा व्यवसायों के लिए जरूरी पूंजी मुहैया कराएगा और इससे पीपीएल की सभी इकाइयों की क्षमता बढ़ाने और भारत में और उससे बाहर आकर्षक अधिग्रहण के अवसरों को तलाशने में मदद मिलेगी।
बयान में कहा गया है कि इस निवेश के जरिये प्राप्त होने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अल्पावधि में कर्ज घटाकर अपनी बैलेंस शीट मजबूत बनाने के लिए करेगी।
कार्लाइल एशिया पार्टनर्स की सलाहकार टीम के प्रबंध निदेशक नीरज भारद्वाज ने कहा, ‘इस सौदे के पूरा होने से पीरामल के साथ हमारी महत्वपूर्ण भागीदारी और मजबूत हुई है और इससे हमें कंपनी की मजबूत बाजार पहुंच के जरिये अपने प्रमुख व्यवसायों का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी।’

First Published : October 6, 2020 | 11:29 PM IST