कोविड-19 की ओमीक्रोन लहर के कारण राज्यों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों व एयरलाइंस की उड़ानें रद्द होने के कारण 2022 के पहले महीने में हवाई यातायात में भारी गिरावट आई है।
जनवरी में घरेलू एयरलाइंस में 64 लाख यात्रियों ने उड़ान भरी, जिसमें पिछले महीने की तुलना में 42.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। दिसंबर में एयरलाइंस ने 112 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, जो 2021 में सर्वाधिक था। दिसंबर के अंत से ही आवाजाही कम होनी शुरू हो गई थी और मांग कम होने की वजह से एयरलाइंस ने भी क्षमता घटा दी थी। बाजार की अग्रणी इंडिगो ने जनवरी में अपनी उड़ानें 20 प्रतिशत कम कीं। रोजाना यात्रियों की संख्या भी घटकर 2,00,000 से कम हो गई।
प्रमुख एयरलाइंस में लोड फैक्टर भी जनवरी में घटकर 64.9 प्रतिशत रह गया, जो दिसंबर में 79.2 प्रतिशत था। एयरलाइंस में स्पाइसजेट की सीटें सबसे ज्यादा 73.4 प्रतिशत भरीं, जबकि गो फस्र्ट की 4 मेट्रो एयरपोट्र्स पर समयबद्धता सबसे बेहतर रही है।
उद्योग के जानकारों का कहना है कि ओमीक्रोन को देखते हुए जनवरी में यात्रियों की संख्या में गिरावट अपेक्षा के अनुरूप है। बहरहाल फरवरी में कोविड-19 के मामले घटने और प्रतिबंध कम होने के बाद यातायात में रिकवरी नजर आ रही है।