परिवहन और पर्यटन संबंधी सेवाएं मुहैया कराने वाली देश की सबसे बड़ी फर्म थॉमस कुक इंडिया ने पिछले साल 7 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी की है।
कंपनी के मुताबिक, खर्चों में कटौती और मुनाफे में वृद्धि के लिए उसने अपने कई रिटेल आउटलेट भी बंद कर दिए हैं।
थॉमस कुक समूह की भारतीय इकाई थॉमस कुक इंडिया ने 2008 में अपने कुल 2,500 कर्मचारियों में से 175 की छंटनी कर दी। उसे उम्मीद है कि खर्चों में कटौती के इन कदमों से उसके सालाना 6 करोड़ रुपये बच जाएंगे।
मालूम हो कि दिसंबर 2008 में खत्म साल के दौरान कंपनी का मुनाफा 22 फीसदी घटकर 40.5 करोड़ रुपये रह गया। फर्म ने बताया कि उसे अपने कई अलाभकारी आउटलेट भी बंद करना पड़ा है।
साथ ही विस्तार योजनाओं की गति पर भी थोड़ा ब्रेक लगाया गया। इसकी वजह परिवहन और पर्यटन उद्योग के प्रति पर्यटकों की कम हुई रुचि रही।
थॉमक कुक इंडिया के प्रबंध निदेशक माधवन मेनन ने बताया, ”परिचालन मुनाफा बनाए रखने के लिए हमें मजबूरन अपनी 32 इकाइयों को बंद करना पड़ा। इस वजह से कई कर्मचारियों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा।” हालांकि 2009 की योजना के बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। फिलहाल देश के 52 शहरों में कंपनी के 160 रिटेल आउटलेट हैं।