जिनेवा मोटर शो में टाटा मोटर्स की ओर से यूरोपीय बाजार के लिए नैनो के दो मॉडल पेश किए गए।
हालांकि एक साल पहले भारत में नैनो के लॉन्च पर जैसी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी, वैसा उत्साह जिनेवा मोटर शो में नजर नहीं आया।
कंपनी ने यूरोपीय बाजार के लिए इस छोटी कार का नाम नैनो यूरोपा रखा है। टाटा मोटर्स के एक अधिकारी ने बताया कि दुनियाभर से आए पत्रकारों ने इस कार को देखा, लेकिन उन्होंने इस बात को नोटिस किया कि अभी नैनो पूरी तरह से तैयार नहीं है और यह इसका केवल मॉडल भर है।
भारत में पेश किए गए इस नैनो से नैनो यूरोपा का डिजाइन भले ही मिलता हो, लेकिन इसमें कई नए फीचर्स हैं। नैनो यूरोपा 3.29 मीटर लंबी और 1.58 मीटर चौड़ी होगी। कार में तीन सिलेंडर की क्षमता होगी और 5 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी होगा।
साथ ही कार में पावर स्टेयरिंग भी होगी। यही नहीं, कार में सुरक्षा के सभी मानकों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। टाटा मोटर्स वर्ष 2011 तक इस कार को चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उतारेगी।
इसके साथ ही कंपनी की ओर से लक्जरी सेडान सेगमेंट में टाटा प्राइमा और टाटा इंडिका विस्टा का इलेक्ट्रिक वर्जन टाटा इंडिका विस्टा ईवी भी पेश किया। प्राइमा के लिए टाटा ने फेरारी के डिजाइनर को हायर किया था। इस कार का आउटलुक जहां आकर्षक है, वहीं इसमें होंडा सिटी और फिएट लीनिया को टक्कर देने की क्षमता भी नजर आती है।
इस मौके पर टाटा मोटर्स के चेयरमैन रतन टाटा ने कहा कि भारत में नैनो 23 मार्च को लॉन्च हो रही है, जो अप्रैल के पहले हफ्ते तक कंपनी के डीलरों के पास पहुंच जाएगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी नैनो को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहले ही उतारने की योजना बना चुकी थी। इंडिका विस्टा ईवी के बारे में टाटा ने कहा कि वैकल्पिक ईंधन को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने यह मॉडल लॉन्च किया है।
टाटा ने यूरोपीय बाजार के लिए पेश की नैनो यूरोपा
जिनेवा मोटर शो में इंडिका विस्टा का इलेक्ट्रिक वर्जन भी पेश