कंपनियां

मुकेश अंबानी की कंपनी Jio की धूम: साल 2023-24 में जोड़े 4.24 करोड़ नए ग्राहक, 5G में दबदबा

देश में 5G नेटवर्क की 85% क्षमता जियो के पास है। इसके अलावा, भारत में कुल डेटा इस्तेमाल का 60% हिस्सा जियो का है।

Published by
निशा आनंद   
Last Updated- August 07, 2024 | 5:09 PM IST

भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी, रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। कंपनी की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल यानी 2023-24 में जियो के 4.24 करोड़ नए ग्राहक जुड़े हैं। अब कंपनी के कुल 48.18 करोड़ ग्राहक हो गए हैं।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जियो के 10.8 करोड़ से ज्यादा ग्राहक 5G नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसे जियो ट्रू 5G कहा जाता है। देश में 5G नेटवर्क की 85% क्षमता जियो के पास है। इसके अलावा, भारत में कुल डेटा इस्तेमाल का 60% हिस्सा जियो का है।

Jio ने पूरे देश में 5G नेटवर्क बिछाया

रिलायंस जियो ने बताया कि उसने पूरे देश में 5G नेटवर्क बहुत जल्दी बिछा दिया है। अब जियो के कुल डेटा में से लगभग 30% डेटा 5G नेटवर्क पर चल रहा है। और ये जो 5G डेटा है, वो सारा जियो के ही 5G और 4G नेटवर्क के साथ मिलकर चल रहा है।

रिलायंस ने आगे कहा, जियो की तेज इंटरनेट सेवा, JioAirFiber को लोगों ने खूब पसंद किया है। अब तक इसके 1 करोड़ 20 लाख ग्राहक बन चुके हैं। यह सेवा अभी 5900 शहरों में मिल रही है और जल्द ही पूरे देश में होगी। जियो का सस्ता स्मार्टफोन, JioBharat फोन ने भी बाजार में धूम मचा दी है। इसकी कीमत बहुत कम है, इसलिए इसे खरीदने में लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस तरह के सस्ते फोन की बिक्री में जियो की हिस्सेदारी 50% हो गई है।

रिलायंस के मुखिया मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो का नया फोन बहुत सस्ता है। इस फोन की वजह से भारत 2G मुक्त हो जाएगा और सबके पास स्मार्टफोन होगा।

जियो की सफलता की कहानी

साल 2016 में जियो ने 4G सेवा शुरू की थी। उसके बाद से जियो ने बहुत तरक्की की है। पिछले साल जियो की कमाई 11% बढ़कर 15.9 अरब डॉलर हो गई। वहीं, कंपनी का मुनाफा भी 12.7% बढ़कर 6.8 अरब डॉलर हो गया। मुंबई की इस बड़ी कंपनी का कारोबार कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। इसमें ऊर्जा, रिटेल, मनोरंजन, पेट्रोकेमिकल, प्राकृतिक गैस, टेलीकॉम और मीडिया शामिल हैं।

First Published : August 7, 2024 | 5:09 PM IST