मोतीलाल ओसवाल की रियल एस्टेट फंड प्रबंधन इकाई मोतीलाल ओसवाल रियल एस्टेट (एमओआरई) ने अपने पांचवें रियल एस्टेट फंड को पेश किया है। एमओआरई ने करीब 800 करोड़ रुपये के लक्ष्य के साथ इंडिया रियल्टी एक्सीलेंस फंड-5 (आईआरईएफ-5) नाम से फंड पेश किया था और इसे करीब 650 करोड़ रुपये के आवेदन मिले।
फंड ने इस पूंजी का इस्तेमाल भारत में प्रमुख सात शहरों में मध्यम आय/किफायती आवासीय परियोजनाओं में पूंजी लगाने के लिए करने की योजना बनाई है, जबकि वाणिज्यिक परियोजनाओं में खास चयन के आधार पर निवेश किया जाएगा। एमओआरई ने कहा है कि फंड की पूरी फंड अवधि के दौरान 12-15 लेनदेन किए जाएंगे।
टॉरंट पावर का पीएटी 398 करोड़ रुपये
टॉरंट पावर ने 31 मार्च 2021 को समाप्त तिमाही में 398.10 करोड़ रुपये का समेकित कर-बाद लाभ (पीएटी) दर्ज किया है। कंपनी को पूर्ववर्ती वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में 273.94 करोड़ रुपये के शुद्घ नुकसान का सामना करना पड़ा था। हालांकि कोविड-19 महामारी और विद्युत क्षेत्र में दबाव की वजह से कंपनी की कुल समेकित आय मामूली तीन प्रतिशत तक बढ़कर 3,116.54 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 3,020.84 करोड़ रुपये थी। सालाना आधार पर टॉरंट पावर ने पूरे वित्त वर्ष 2020-21 में अपने समेकित पीएटी में करीब 10 प्रतिशत की वृद्घि दर्ज की। बीएस