टाटा मोटर्स ने कहा है कि उसकी ब्रिटेन की सहायक कंपनी जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) कोविड-19 के कारण जिन व्यवधानों का सामना कर रही है उसका कंपनी के कारोबार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। कंपनी ने यह भी आश्वस्त किया है कि नकदी प्रवाह और लाभप्रदता के मोर्चे पर वह पिछले अनुमान को बरकरार रखते हुए सही राह पर अग्रसर है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में कहा है, ‘कोविड संबंधी चुनौतियों एवं व्यवधानों से निपटने के लिए जगुआर लैंड रोवर के पास व्यापक आकस्मिक कार्य योजना है। इसे लगातार समीक्षा की जाती रहती है।’ कंपनी ने कहा है कि ब्रिटेन के बंदरगाहों पर हाल की समस्याओं का जगुआर लैंड रोवर पर कोई तात्कालिक प्रभाव नहीं पड़ा है। कंपनी ने कहा, ‘साल की दूसरी छमाही के लिए बेहतर वृद्धि, लाभप्रदता और नकदी प्रवाह के लिए हमारा अनुमान बरकरार है।’ नए कोरोनोवायरस वैरिएंट के प्रभाव को पूरे ब्रिटेन में लगातार महसूस किया जा रहा है। इसे देखते हुए ब्रिटेन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कुछ अन्य क्षेत्रों को सख्त प्रतिबंध के दायरे में रखा है। ब्रिटिश के बंदरगाहों को व्यवधानों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि हजारों ट्रक चालक खुद को नए कोरोनवायरस स्ट्रेन की जांच के लिए कतार में लग रहे हैं। टाटा मोटर्स द्वारा की गई इस घोषणा से कंपनी के निवेशकों में क्रिसमस की खुशियां दिख रही हैं। यही कारण है कि गुरुवार को कंपनी का शेयर 3.96 फीसदी बढ़त के साथ 175.90 रुपये पर बंद हुआ। जेएलआर ने दूसरी तिमाही में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया जिससे इस शेयर को बल मिला। इस साल के आरंभ से अब तक इसने 147.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की जबकि बीएसई वाहन सूचकांक और सेंसेक्स में क्रमश: 9.9 फीसदी और 13.9 फीसदी की बढ़त हुई।
प्रमुख बाजारों में मात्रात्मक बिक्री बढऩे की उम्मीद में सुधार की उम्मीद काफी अधिक है। जगुआर लैंड रोवर के लिए मांग में सुधार हो रहा है क्योंकि चीन जैसे प्रमुख बाजार (मात्रात्मक बिक्री में 20 फीसदी हिस्सेदारी) कोविड से पहले के स्तर तक पहुंच चुके हैं। इसके अलावा अधिकतर देशों में अब बिक्री बढ़ रही है। इसके परिणामस्वरूप दूसरी तिमाही में तिमाही के दौरान कंपनी की मात्रात्मक बिक्री में 53 फीसदी की वृद्धि हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज की हालिया शोध रिपोर्ट के अनुसार, जेएलआर की वैश्विक मांग में सुधार होने की उम्मीद है और हम वित्त वर्ष 2022-23 के लिए दो अंकों में मात्रात्मक वृद्धि देख रहे हैं।