देश की विमानन कंपनियों ने टिकटों की कीमतें क्या घटाई उनकी बुकिंग में 30 फीसदी का इजाफा हो गया। पिछले हफ्ते एटीएफ के दाम घटने के बाद एयर इंडिया और जेट एयरवेज ने टिकटों की कीमत 20-25 फीसदी कम कर दी थी।
इसके बाद से ही ट्रैवल पोर्टलों के जरिए होने वाली विमान टिकटों की बुकिंग में 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वेब पोर्टल मेकमाईट्रिप डॉट कॉम, क्लियरट्रिप और ईजीगो की बुकिंग में 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि यात्रा और ट्रैवलोसिटी की बुकिंग में 10-15 फीसदी का इजाफा हुआ है।
इन कंपनियों को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में टिकटों की बुकिंग में और बढ़ोतरी होगी। ट्रैवलोसिटी के प्रबंध निदेशक हिमांशु सिंह ने बताया, ‘किंगफिशर, जेट एयरवेज और एयर इंडिया के टिकटों की कीमत घटने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बुकिंग में काफी तेजी आई है।’
मेकमाईट्रिप डॉट कॉम ने 1-5 जनवरी के बीच लगभग 51,000 टिकटों की बुकिंग की है। इसमें से करीब 82 फीसदी टिकट जनवरी के लिए बुक किए गए जबकि बाकी टिकट फरवरी से लेकर जून तक के लिए बुक किए गए।
पिछले साल इसी दौरान हुई बुकिंग में से लगभग 95 फीसदी टिकट जनवरी के लिए ही थे। जबकि बाकी महीनों के लिए 5 फीसदी की ही बुकिंग हुई थी। क्लियरट्रिप ने 26 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच लगभग 70,000 टिकटों की बुकिंग की थी।
जिसमें से 70 फीसदी बुकिंग जनवरी के लिए ही थी। जबकि 3-10 फीसदी टिकट अप्रैल तक के लिए बुक किए गए थे। टिकटों की एडवांस बुकिंग से इन कंपनियों ने जनवरी के पहले हफ्ते में ही करीब 3-5 करोड़ रुपये की कमाई की है।
स्पाइसजेट ने इस दौरान 20,000 टिकटों की बिक्री कर 8 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इंडिगो ने सस्ती दरों पर ज्यादा टिकट बेच कर 6 करोड़ रुपये कमाए।