मुंबई की रियल एस्टेट डेवलपर कंपनी हीरानंदानी ग्रुप पांच नए होटलों के निर्माण के मद में 640 करोड़ रुपये निवेश करने जा रही है।
इसके तहत अगले दो से तीन साल में कंपनी के होटलों में 550 कमरों का इजाफा हो जाएगा। कंपनी आठ अंतरराष्ट्रीय होटल कंपनियों से प्रबंधन समझौते के लिए बात कर रही है।
दरअसल यह समझौता मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे शहरों में नए होटल बनाने के संबंध में किया जाएगा। इस बाबत हीरानंदानी ग्रुप जिन होटलों से बात कर रही है, उनमें एकॉर हॉस्पिटैलिटी, इंटर कॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप, ग्लोबल हयात कॉर्पोरेशन और हिल्टन होटल शुमार हैं।
मुंबई में नई होटल पवई में 140 करोड़ रुपये के निवेश से बनाई जाएगी। वैसे कंपनी की होटल ‘रोडास’ मुंबई में पहले से मौजूद है। चेन्नई में 60 से 70 कमरों वाले होटल का निर्माण किया जाएगा, जिसमें तकरीबन 30 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
ये सारे होटल पांच सितार श्रेणी में आएंगे। बेंगलुरु में बनने होटल में कंपनी 96 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस होटल में कमरों की संख्या पर निर्णय होना अभी बाकी है। कंपनी इसी तर्ज पर हैदराबाद में भी होटल बनाएगी, हालांकि इसकी रुपरेखा तैयार की जा रही है।
हीरानंदानी कंस्ट्रक्शन के प्रबंध निदेशक सुरेन्द्र हीरानंदानी ने कहा, ‘हमलोग अपनी योजना को अमली जामा पहनाने के सिलसिले में कई अंतरराष्ट्रीय होटलों से भी बात कर रहे हैं। जैसे ही सहयोगी की खोज पूरी हो जाएगी, हम अमूमन अक्टूबर तक चेन्नई में होटल निर्माण का काम शुरू कर सकते हैं।’
कंपनी विस्तार कार्यक्रम को क्रियान्वित करने के लिए कर्ज और संग्रह से रकम उगाही की योजना बना रही है। हीरानंदानी कहते हैं, ‘इस परियोजना के लिए जितने कर्ज की जरूरत होगी, वह हमें मिल जाएगी, ऐसा मुझे विश्वास है।’
कंपनी सारे होटलों का निर्माण कार्य एक साथ शुरू नहीं करना चाहती है। कंपनी चरणबद्ध तरीके से इसे क्रियान्वित करेगी। हीरानंदानी बताते हैं, ‘हमलोग पहले चरण में 100 कमरे चालू करना चाहते हैं और इससे जैसे ही आमदनी शुरू होगी, तो बचे हुए भाग को भी क्रमश: पूरा किया जाएगा।’