बजाज पर मंदी का ग्रहण
प्रमुख दुपहिया वाहन निर्माता कंपनी बजाज ऑटो की फरवरी के दौरान हुई बिक्री 16.94 फीसदी गिरकर 1,31,785 मोटरसाइकिल की रही।
पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी ने 1,58,662 मोटरसाइकिलों बेची थी। कंपनी ने बताया कि फरवरी में दुपहिया वाहनों की कुल बिक्री 17 फीसदी गिरकर 1,32,393 वाहन रही, जो पिछले साल की इसी माह में 1,59,508 वाहन थी।
कंपनी का निर्यात 19.70 फीसदी कम होकर 50,738 वाहनों का रहा, जो पिछले साल 63,182 वाहनों का था। कंपनी की बिक्री 1,53,782 इकाई रही जो पिछले साल की इसी अवधि से 16.34 फीसदी कम है।
टीवीएस के दिन फिरे
टीवीएस मोटर कंपनी ने पिछले महीने 1,07,301 दोपहिया वाहन बेचे। यह तादाद पिछले साल की फरवरी महीने की बिक्री की तुलना 13 फीसदी ज्यादा हैं। पिछले साल फरवरी में कंपनी ने 95,235 दोपहिया वाहन बेचे थे।
मंदी के इस दौर में ऊंचे ब्याज दरों और कर्जों में कमी के बावजूद भी कंपनी अपनी बिक्री बढ़ाने में कामयाब रही। इस दौरान कंपनी ने 16,583 वाहनों का निर्यात किया, जो पिछली फरवरी से 32 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल के इस महीने में कंपनी ने 12,523 वाहनों का निर्यात किया था। पिछले महीने कंपनी के 49,659 मोटरसाइकिलें बेची थीं।
हीरो होंडा की बिक्री बढ़ी
देश की अग्रणी दो पहिया वाहन निर्माता कंपनी, हीरो होंडा मोटर्स लि. (एचएचएमएल) की बिक्री में फरवरी महीने के दौरान 24 फीसदी का उछाल आया है। कंपनी ने बताया कि इस साल फरवरी के महीने में 24 फीसदी की वृध्दि के साथ 3 29 055 वाहन बेचे, जबकि पिछले साल के फरवरी के महीने में यही संख्या 2,65,431 थी।
हीरो होंडा मोटर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (विपणन और बिक्री) अनिल दुआ ने कहा कि, ‘पैशन प्रो पावर स्टार्र्टं समेत हमारे नए वाहनों की सभी बाजारों में अच्छी मांग है। साथ ही, बिक्री में भी इजाफा हुआ है।’