महामारी के बावजूद देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी हीरो इलेक्ट्रिक मौजूदा वित्त वर्ष में बिक्री में 10-15 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही है। इसके अलावा कंपनी उत्पादन क्षमता में 200 फीसदी की बढ़ोतरी पर विचार कर रही है और इसके लिए निवेशकों की तलाश कर रही है। साथ ही कंपनी तीन साल में करीब 700 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रही है। हीरो इलेक्ट्रिक के प्रबंध निदेशक नवीन मुंजाल ने बिजनेस स्टैंडर्ड से कहा, कंपनी अपने लुधियाना संयंत्र की क्षमता मौजूदा 70-75 हजार वाहन से बढ़ाकर 2.5 लाख वाहन सालाना करने की योजना बना रही है और यह काम एक से दो साल में होगा।
इसके अलावा कंपनी दक्षिण भारत में एक संयंत्र लगाने की योजना भी बना रही है। नए संयंत्र के आकार पर कोई टिप्पणी नहीं करते हुए उन्होंने कहा, कंपनी अगले तीन से चार साल में विनिर्माण पर करीब 700 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित निवेश के लिए वह रकम जुटाने की योजना बना रहे हैं। अगले चार साल में करीब 5 लाख वाहन बेचने के लक्ष्य की पृष्ठभूमि में प्रस्तावित निवेश होने वाला है। शुरुआत से अब तक कंपनी ने 3.5 लाख दोपहिया की बिक्री की है। मौजूदा वित्त वर्ष में कंपनी पिछले साल की बिक्री 50 हजार वाहन के मुकाबले करीब 10-15 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रही है। मुंजाल को यह लक्ष्य हासिल होने की उम्मीद है जबकि विभिन्न वजहों से आपूर्ति शृंखला में कुछ चुनौतियां हैं और इनमें पंजाब व हरियाणा में हो रहा किसान आंदोलन शामिल है। मुंजाल ने कहा कि आईसीई वाहनों के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों को लोग तेजी से अपनाएंगे क्योंकि लोग पर्यावरण को लोकर ज्यादा जागरूक हैं।
मुंजाल को उम्मीद है कि अगले पांच साल में कुल दोपहिया बिक्री में इलेक्ट्रिक दोपहिया की हिस्सेदारी अनुमानित तौर पर 10 से 15 फीसदी होगी। हालांकि अगर इसे आक्रामकता से आगे बढ़ाया जाए तो हमारा मानना है कि मौजूदा एक फीसदी से यह 20-25 फीसदी पर पहुंच सकती है।