कंपनियां

ई-कॉमर्स सेगमेंट में Fkipkart 48 फीसदी मार्केट शेयर के साथ सबसे आगे, Meesho की ग्रोथ सबसे तेज: रिपोर्ट

एलायंस बर्नस्टीन की एक ताजा रिपोर्ट में कहा गया कि मीशो भारत में यूजर्स बेस के मामले में सबसे तेजी से बढ़ने वाला ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 26, 2024 | 6:32 PM IST

वॉलमार्ट समूह की कंपनी फ्लिपकार्ट 48 फीसदी बाजार हिस्सेदारी के साथ ई-कॉमर्स सेगमेंट में अपना दबदबा बनाए हुए है। दूसरी ओर सॉफ्टबैंक समर्थन वाली मीशो सबसे तेजी से बढ़कर ई-कॉमर्स मंच बनकर उभरा है।

एलायंस बर्नस्टीन की एक ताजा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। इसमें कहा गया कि मीशो भारत में यूजर्स बेस के मामले में सबसे तेजी से बढ़ने वाला ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है।

रिपोर्ट के अनुसार Flipkart का यूजर बेस सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़ा, जबकि Meesho की वृद्धि 32 प्रतिशत और Amazon की वृद्धि दर 13 प्रतिशत रही।

वित्त वर्ष 2022-23 में फ्लिपकार्ट 48 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार में अग्रणी था। फ्लिपकार्ट के लिए मोबाइल और परिधान सबसे बड़ी श्रेणियां हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि ऑनलाइन स्मार्टफोन और ऑनलाइन फैशन बाजार में फ्लिपकार्ट की हिस्सेदारी क्रमशः 48 प्रतिशत और 60 प्रतिशत होने का अनुमान है।

मीशो की बाजार हिस्सेदारी में वृद्धि का श्रेय मुख्य रूप से मझोले (टियर-2) और छोटे शहरों पर इसके ध्यान को दिया गया। इसके अलावा शून्य कमीशन मॉडल के कारण भी मीशो को मदद मिल रही है।

रिपोर्ट में कहा गया कि मीशो के लगभग 80 प्रतिशत विक्रेता खुदरा दुकान के मालिक हैं और प्लेटफॉर्म पर लगभग 95 प्रतिशत उत्पाद गैर-ब्रांडेड हैं।

First Published : January 26, 2024 | 6:30 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)