कंपनियां

Emami Q2 Results: FMCG कंपनी का मुनाफा 19% बढ़ा, मजबूत नतीजों के साथ डिविडेंड का ऐलान

कंपनी ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि मार्जिन में सुधार और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय, दोनों बाजारों में लगातार वृद्धि के चलते उसके मुनाफे में इजाफा हुआ है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- November 07, 2024 | 5:41 PM IST

Emami Q2 Results: रोजाना इस्तेमाल के सामान बनाने वाली एफएमसीजी कंपनी इमामी लिमिटेड ने गुरुवार को दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया। कंपनी ने बताया कि जून-सितंबर, 2024 तिमाही में उसका मुनाफा 19 प्रतिशत बढ़कर 213 करोड़ रुपये रहा है।

कंपनी ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि मार्जिन में सुधार और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय, दोनों बाजारों में लगातार वृद्धि के चलते उसके मुनाफे में इजाफा हुआ है।

बयान के अनुसार, सितंबर तिमाही के दौरान इमामी की ऑपरेशंस से इनकम तीन प्रतिशत बढ़कर 891 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसके अलावा बीती तिमाही के लिए ग्रॉस मार्जिन 0.6 प्रतिशत बढ़कर 70.7 प्रतिशत हो गया, जो रणनीतिक लागत प्रबंधन को दर्शाता है।

वहीं, कंपनी की EBITDA से पहले की कमाई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सात प्रतिशत बढ़कर 250 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस दौरान ईबीआईटीडीए मार्जिन 1.1 प्रतिशत बढ़कर 28.1 प्रतिशत हो गया।

कंपनी ने हेलियोस लाइफस्टाइल में बढ़ाई हिस्सेदारी

तिमाही के दौरान कंपनी ने हेलियोस लाइफस्टाइल में अपनी हिस्सेदारी 50.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 98.3 प्रतिशत कर ली। कंपनी के बोर्ड ने चालू वित्त वर्ष के लिए चार रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

First Published : November 7, 2024 | 5:35 PM IST