देश की सबसे बड़ी रियल्टी कंपनी डीएलएफ चेन्नई और हैदराबाद में रिहायशी और व्यावसायिक परियोजनाओं पर करीब 3,500 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है।
इसके तहत कंपनी मॉल, होटल और आवासीय इमारतों का निर्माण करेगी। डीएलएफ के कार्यकारी निदेशक (दक्षिण क्षेत्र) जे. सुब्रमण्यन ने बताया कि कंपनी आईटी कॉरिडोर सिरूसेरी के पास करीब 100 एकड़ में प्रीमियर श्रेणी के आवासों का निर्माण करेगी।
इस हाउसिंग परियोजना पर कंपनी करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके साथ ही कंपनी चेन्नई के पास करीब 250 एकड़ में प्लॉट और बंगले का भी निर्माण करेगी। इसमें करीब 450-500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
डीएलएफ होम्स डेवलपर्स के प्रमुख के.के. रमन ने बताया कि इन परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिसमें 3 से 4 साल का समय लगेगा। इस परियोजना के तहत करीब 2500 मकानों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।
सुब्रमण्यन ने बताया कि कंपनी मापक्कम में आईटी सेज विकसित कर रही है, जिस पर करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर कंपनी 1100 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है, जबकि आने वाले कुछ महीनों में शेष 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा, कंपनी चेन्नई में 250 करोड़ रुपये की लागत से लक्जरी मॉल विकसित कर रही है। साथ ही सिरूसेरी में 150 करोड़ रुपये की लागत से 300 कमरों का होटल भी बनाने की योजना है।
नई शुरुआत
चैन्नई, हैदराबाद 3,500 करोड़ रु. होंगे खर्च
बनाए जाएंगे मॉल, होटल और आवासीय परिसर
चरणबध्द तरीके से पूरी की जाएंगी परियोजनाएं