विजय माल्या द्वारा यूनाइटेड स्पिरिट्स की 14.9 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की राह में कुछ अड़चन आ गई है। दरअसल, माल्या विश्व की सबसे बड़ी शराब कंपनी डियाजियो को यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयर बेचने की कोशिश में जुटे थे, लेकिन अब यह कवायद थमती नजर आ रही है।
डियाजियो के मुख्य कार्याधिकारी ने कहा कि कंपनी अभी सौदे पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार नहीं और कंपनी अभी इसका अध्ययन कर रही है। यूनाइटेट स्पिरिट्स इस रणनीतिक साझेदारी पर डियाजियो से पिछले 8 महीनों से बात कर रहे थे।
डियाजियो के मुख्य कार्यकारी पॉल वाल्श ने कहा कि डियाजियो भारत के यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के साथ समझौता करने के लिए अभी तैयार नहीं है।
इस बारे में जब माल्या से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि डियाजियो और यूनाइटेड स्पिरिट्स पब्लिक कंपनियां हैं और वे किसी संभावित लेने-देन के बारे में तब तक निश्चित रूप से कुछ नहीं कह सकतीं, जब तक यह सौदा पूरा नहीं हो जाता।
उल्लेखनीय है कि माल्या ने पिछले महीने कहा था कि यूबी समूह यूएसएल की 15 फीसदी हिस्सेदारी एक रणनीतिक भागीदार को बेचना चाहती है और इस मामले में उन्होंने न्यूयॉर्क में डियाजियो के अधिकारियों से बातचीत की है।