दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा मोटरसाइकिल ऐंड स्कूटर इंडिया का प्रदर्शन लगातार सुधरता जा रहा है।
बिक्री के मामले में कंपनी बजाज ऑटो को पीछे छोड़कर पहले ही नंबर दो पर काबिज हो गई है। वहीं जनवरी माह में भी कंपनी के वाहनों की बिक्री में इजाफा हुआ है, जबकि बजाज ऑटो के दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री घटी है।
होंडा मोटरसाइकिल ऐंड स्कूटर इंडिया की जनवरी महीने में दोपहिया वाहनों की बिक्री 22 फीसदी बढ़कर 94,982 इकाई हो गई। पिछले वर्ष की इसी अवधि में बिक्री 77,755 इकाई थी।
एचएमएसआई ने बताया कि जनवरी में उसकी मोटरसाइकिलों की बिक्री 58 फीसदी बढ़कर 40,153 इकाई हो गई, जो पूर्व वर्ष की इसी अवधि में 25,469 इकाई थी। इसी तरह जनवरी 2009 में उसके स्कूटर की बिक्री भी 5 फीसदी बढ़कर 54,829 इकाई हो गई, जो पूर्व वर्ष की समान अवधि में 52,286 इकाई थी।
बजाज ऑटो ने जनवरी माह में 1,10,363 वाहनों की बिक्री की है, जो पिछले साल जनवरी से 34 फीसदी कम है। कंपनी ने पिछले साल के इसी माह 1,67,592 वाहन बेचे थे। कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री भी 34 फीसदी गिरकर 1,09,666 इकाई रह गई, जबकि पिछले साल के इसी माह में 1,66,492 मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई थी। जबकि जनवरी माह में कंपनी ने निर्यात में 24 फीसदी बढ़कर 54,027 वाहन निर्यात किए।