इन्फोसिस टेक्नोलॉजिज को एस्त्राजेनेका से करोड़ों डॉलर का ठेका मिला है।
इन्फोसिस ने बताया कि लंदन में मुख्य कार्यालय वाली एस्तराजेनेका ने कंपनी को वैश्विक खरीद के लिए ठेका दिया है। एस्त्राजेनेका दुनिया की प्रमुख फार्मास्युटिकल कंपनियों में शामिल है, जिसकी बिक्री 2,955 करोड़ डॉलर है।
इस करार के तहत इन्फोसिस एस्त्राजेनेका को विनिर्माण, आपूर्ति शृंखला, वित्त, मानव संसाधनों और अन्य कारोबारी कामों के वैश्विक परिचालन के लिए एप्लीकेशन के रख-रखाव की सेवाएं मुहैया कराएगी।
इन्फोसिस वैश्विक सेवाएं-बांटने के कारोबारी मॉडल के जरिये यह सेवाएं मुहैया कराएगी, जिसमें कंपनी दो तरीके से सेवाएं देगी। पहले तरीके में कंपनी अपनी सेवाओं के लिए तयशुदा कीमतें लेगी और दूसरे तरीके में बदलावों के साथ कीमतें भी कम-ज्यादा होंगी।
एस्त्राजेनेका अपने परिचालन कार्यों में कई चरणों में बदलाव कर रही है। पहले चरण में ब्रिटेन और नॉर्डिक्स शामिल है और बाद के चरणों में अमेरिका, यूरोप, लैटिन अमेरिका और एशिया पर ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा बदलाव के एक हिस्से के रूप में एस्त्राजेनेके का स्वीडन और ब्रिटेन के कर्मचारियों को इन्फोसिस में शामिल किया जाएगा, जिससे उसका वैश्विक आपूर्ति नेटवर्क बढ़ेगा।