कंपनियां

Airbus ने A220 विमान के दरवाजे बनाने के लिए भारतीय कंपनी को दिया ठेका

विमान विनिर्माता Airbus का लक्ष्य देश से विमान कलपुर्जों की ‘सोर्सिंग’ को 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाना है। पिछले साल यह 75 करोड़ डॉलर था

Published by
भाषा   
Last Updated- February 08, 2024 | 10:42 PM IST

एयरबस ने अपने ए220 विमानों के सभी दरवाजे बनाने का ठेका एक भारतीय कंपनी को दिया है। इसे ‘मेक इन इंडिया’ पहल के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य लोगों की उपस्थिति में एक समारोह में बृहस्पतिवार को यह घोषणा की गई।

हालांकि, ठेके से जुड़ी वित्तीय जानकारी साझा नहीं की गई है। यह ठेका बेंगलूरु स्थित डायनेमैटिक टेक्नोलॉजीज को दिया गया है। वह पहले से ही एयरबस ए330 और ए320 विमानों के ‘फ्लैप ट्रैक बीम’ का विनिर्माण करती है। यह किसी भारतीय वैमानिकी विनिर्माण कंपनी के लिए सबसे बड़े निर्यात ठेकों में से एक है।

यह एयरबस द्वारा किसी भारतीय आपूर्तिकर्ता को दिया गया दरवाजों से जुड़ा ठेका है। उसने ए320 विमान के ‘बल्क’ और ‘कार्गो’ दरवाजे के निर्माण का ठेका 2023 में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड को दिया था।

सिंधिया ने कहा कि भारत विमान कलपुर्जा विनिर्माण गतिविधियों के लिए एक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि एयरबस के लिए भारत में निवेश करने का यह सही समय है।

विमान विनिर्माता का लक्ष्य देश से विमान कलपुर्जों की ‘सोर्सिंग’ को 1.5 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाना है। पिछले साल यह 75 करोड़ डॉलर था।

First Published : February 8, 2024 | 2:56 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)