facebookmetapixel
Advertisement
बॉन्ड यील्ड में गिरावट से बैंकों को होगा फायदा, Q1 में ट्रेजरी मुनाफा बढ़ने की उम्मीदFiscal Deficit: अप्रैल-मई में सरकार का राजकोषीय घाटा 12 गुना बढ़ा, RBI डिविडेंड के बावजूद बढ़ा दबावRBI FSR: मार्च में बैंकों का एनपीए घटकर 0.4% पर, कृषि क्षेत्र में सबसे ज्यादा फंसे कर्ज का दबावअर्थव्यवस्था मजबूत, पर मॉनसून और पश्चिम एशिया संकट से अब भी जोखिमडिबेंचर धारकों के हितों की सुरक्षा के लिए विशेषज्ञ समिति गठित, नियमों की होगी समीक्षाSEBI AIF Rules: निवेशकों के अधिकार बढ़ाने की तैयारी, संबंधित पक्षों के सौदों पर 75% मंजूरी का प्रस्तावCrude Oil Outlook: दूसरी छमाही में कच्चा तेल औसतन 72 डॉलर रहने के आसार: बोफाकोविड के बाद सेंसेक्स की सबसे खराब पहली छमाही, मिड-स्मॉलकैप बने निवेशकों का सहारादुबई रियल एस्टेट में सुस्ती के बीच FY27 में डैन्यूब की नजर 4 अरब डॉलर की परियोजनाओं परARAI ने बदला फैसला, ऑटो पीएलआई स्कीम में अब पूरे साल लागू होगी एक ही विनिमय दर

दिल्ली के खिलाफ पर्वतीय राज्यों के फल और सब्जी उत्पादक लामबंद

Advertisement
Last Updated- December 07, 2022 | 1:44 PM IST

फल और सब्जी उत्पादकों से की जा रही कमीशन वसूली के खिलाफ पर्वतीय राज्यों ने लामबंद हो दिल्ली सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। इन प्रदेशों ने कमीशन वसूली को गैरवाजिब बताया है।


जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मंत्रियों ने दिल्ली सरकार को चेतावनी दी है और कहा है कि वसूली के जारी रहने पर वे अपनी अलग मंडी स्थापित कर लेंगे। इन राज्यों का यह भी कहना है कि वे अपने उत्पादकों को दिल्ली आने के लिए हतोत्साहित करेंगे। इन राज्यों ने इस मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।

जबकि तीनों प्रदेशों के मंत्रियों ने इस संबंध में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से मुलाकात भी की। हिमाचल प्रदेश के बागवानी मंत्री नरिंदर बरागटा ने बताया-विभिन्न प्रदेशों के फल और सब्जी उत्पादकों से कमीशन लेने की इजाजत कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) का कानून नहीं देता। कानून के मुताबिक, कमीशन सिर्फ खरीदारों से वसूला जा सकता है पर दिल्ली की आजादपुर मंडी में उत्पादकों से 6 से 8 फीसदी तक कमीशन वसूला जा रहा है। इन राज्यों का आरोप है कि आजादपुर मंडी के कमीशन एजेंट उनके यहां से आने वाले ट्रकों को भी कमीशन देने के लिए बाध्य करते हैं।

उत्तराखंड के कृषि मंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हिमालयी राज्यों के कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए दिल्ली में अलग से मंडी स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सालाना करीब 500-1500 करोड़ रुपये इन राज्यों से कमीशन के रूप में लिए जा रहे हैं जो मुनासिब नहीं है। दिल्ली की मंडियों में सबसे अधिक फल और बेमौसमी सब्जियों की आवक इन्हीं प्रदेशों से होती है। रावत ने इस बात पर भी ऐतराज जताया कि दिल्ली की मंडी में आने वाले उत्पादकों को ठहरने-रहने की सुविधा नहीं दी जाती।

बरागटा के अनुसार, उत्पादकों से कमीशन वसूलने के काम को जल्दी बंद न किया गया तो वे अपने उत्पादकों को दिल्ली आने से हतोत्साहित करेंगे। उनके उत्पाद की बिक्री के लिए उन्होंने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब सरकार से बात की है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के सोनल, शिमला, रामपुर और कई अन्य जगहों पर मंडी बनाने की पहल की जा चुकी है।

उत्तराखंड के कृषि मंत्री ने भी उनकी बातों से सहमति जताया और कहा कि वे दिल्ली में पर्वतीय राज्यों की अलग मंडी स्थापित करने के लिए जमीन खरीदने को तैयार हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने शिमला में पर्वतीय राज्यों के बागवानी मंत्रियों की एक बैठक हुई थी जिसमें इन राज्यों के फल और सब्जी उत्पादकों की समस्या पर विचार किया गया था।

Advertisement
First Published - July 28, 2008 | 12:32 AM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement