प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
क्वालकॉम के अध्यक्ष और मुख्य कार्य अधिकारी क्रिस्टियानो एमॉन ने आज इंडिया एआई समिट में मुख्य भाषण में कहा कि एआई एजेंट मोबाइल फोन में ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्लिकेशन की जगह ले लेंगे जिससे मोबाइल उद्योग में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि एआई मोबाइल उद्योग में बड़ा बदलाव करने जा रही है, जहां यह एजेंट (एआई) बिलकुल केंद्र में होगा और आप अपने मोबाइल फोन, अपने चश्मे या पेंडेंट से अथवा किसी भी ऐसी चीज के जरिये जिसे आप पहनते हैं, एजेंट तक पहुंच सकते हैं।’ उन्होंने एआई की संभावना के बारे में बताते हुए कहा कि यह सब कुछ बदल देगी, नए डिवाइस, अनुभव और सेवाएं सृजित करेगी जो बड़ा अवसर बन जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा, ‘एआई हर एक कंप्यूटर को बदलने वाली है और ये एजेंट अनुभव के केंद्र में होंगे। आज हम जो ओएस और ऐप्लिकेशन डेफिनेशन देखते हैं, यह उनमें से कई का स्थान ले लेंगे और यही तकनीक का नया भविष्य है, जिसमें मोबिलिटी का भविष्य भी शामिल है।’
शीर्ष अधिकारी ने कहा कि दूरसंचार नेटवर्क में एआई का आना भी 6जी के लिए प्रमुख बात होगा, जो बड़े स्तर पर सेंसिंग नेटवर्क बनाएगा। साथ ही उन्होंने स्मार्ट विनिर्माण ऑटोमेशन के साथ शुरुआत से ही एआई का उपयोग करके देश की वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की महत्त्वाकांक्षा की ओर भी इशारा किया।
उन्होंने कहा, ‘बड़े स्तर वाले औद्योगीकरण में छलांग लगाने की प्रक्रिया होती है। भारत भी वैश्विक विनिर्माण का केंद्र बन रहा है। एआई के साथ आप स्मार्ट विनिर्माण, ऑटोमेशन के साथ काफी शुरुआत से ही आगे बढ़ेंगे। इस क्षेत्र में अविश्वसनीय बदलाव हो रहा है, जो इन तकनीकों से सक्षम किया गया है।’
एमॉन ने कहा कि एआई भारत के स्मार्ट शहरों को उनका बुनियादी ढांचा विकसित करने में अहम भूमिका निभा सकती है तथा स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच का स्तर और सुलभता भी बढ़ा सकती है।