देहरादून, 21 अक्टूबर :भाषा: भारत में पंजाब का स्थान सर्वाधिक कृषि उत्पादन करने वाले राज्यों में से एक है लेकिन बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि इसका वनावरण केवल 7 फीसदी है जो 65 प्रतिशत वन क्षेत्र वाले उत्तराखंड जैसे कई राज्यों के मुकाबले काफी कम है।
हालांकि अब पांचवी बार पंजाब के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले प्रकाश सिंह बादल ने अपने राज्य को हराभरा कर उसका वनावरण दोगुना कर 15 फीसदी तक ले जाने के लिये कमर कस ली है।
पिछले दिनों उत्तराखंड के दौरे पर आये बादल ने अपने इरादों को मूर्त रूप देने के लिये यहां स्थित प्रतिष्ठित वन अनुसंधान संस्थान :एफआरआई: में 19000 करोड़ रूपये के हरित पंजाब मिशन परियोजना का विधिवत शुभारंभ भी कर दिया।
परियोजना को कामयाब बनाने के लिये पंजाब सरकार ने एफआरआई के साथ एक सहमति पत्र पर दस्तखत किये हैं, जिसके तहत अगले पांच से आठ सालों के अंदर किसानों और वन विभाग के जरिये राज्य में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कर वनावरण को 7 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने के अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
पंजाब सरकार ने हरित पंजाब मिशन के लिये धन उपलब्ध कराने के लिये अपने आंतरिक संसाधनों से एक हरित फंड भी स्थापित कर दिया है जिसमें अब तक 22 करोड़ रूपये एकत्र हो चुके हैं।
बीज से लेकर पेड़ के उगने और उसके बाद उसके रखरखाव में आने वाली समस्याओं के निवारण तक की जिम्मेदारी एफआरआई की होगी।