मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच चैंपियन्स लीग टी20 का मैच शुरू होने से पहले ही औपचारिक बन गया था लेकिन मुंबई के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने कहा कि दोनों टीमें प्रतिष्ठा की खातिर मैच जीतने के लिये बेताब थी।
हाईवेल्ड लायन्स की यार्कशर पर जीत से यह मैच टूर्नामेंट के लिहाज से औपचारिक बन गया था क्योंकि ग्रुप बी से सिडनी सिक्सर्स और लायन्स की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गयी थी। इससे चेन्नई और मुंबई दोनों बाहर हो गये थे।
कार्तिक ने मुंबई के लिये 74 रन की तूफानी पारी खेली लेकिन फिर भी उनकी टीम छह रन से हार गयी। उन्होंने बाद में कहा, यह मैच दोनों टीमों के लिये महत्वपूर्ण था और दोनों टीमें प्रतिष्ठा की खातिर इसे जीतना चाहती थी। दोनों आईपीएल में खेलती हैं और इसलिए हम चाहते थे कि मुकाबला कड़ा होना चाहिए। एक महत्वपूर्ण और रोमांचक मैच में खेलना अच्छा रहा।
उन्होंने कहा, हम दोनों आईपीएल की टीमें हैं और हमारा एक दूसरे के खिलाफ भिड़ने का इतिहास रहा है। इसलिए यह जरूरी था कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। आखिर में यह बहुत अच्छा मैच रहा। हम दर्शकों के लिये खेल रहे थे और मुझे पूरा विश्वास है कि उन्हें अच्छा मैच देखने को मिला होगा।