वाशिंगटन, 21 अक्तूबर : भाषा : अमेरिका और ईरान पहली बार इस्लामिक गणराज्य के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे पर आमने सामने की वार्ता के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमत हुए हैं। एक प्रभावशाली अमेरिकी अखबार ने यह दावा किया है। इस घटनाक्रम को बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
यह वार्ता ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर सैन्य हमले को टालने के लिए अंतिम राजनयिक प्रयास हो सकते हैं। साथ ही इससे राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी यह सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है कि वह तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर लगाम कसने के लिए विश्व की बड़ी शक्तियों द्वारा एक दशक से किए जा रहे प्रयासों में सफलता के करीब हंै।
न्यूयार्क टाइम्स ने ओबामा प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा कि ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि इस बातचीत को राष्ट्रपति चुनाव होने का इंतजार है।
अखबार के अनुसार, ईरानी अधिकारियों ने अमेरिकी समकक्षों से कहा कि वे जानता चाहते हैं कि उन्हें किसके साथ बातचीत करनी होगी।
इसमें कहा गया कि समझौते की खबर ऐसे समय पर आई है जब केवल दो सप्ताह बाद राष्ट्रपति चुनाव होने वाला है और सप्ताहांत पर उम्मीदवारों के बीच अंतिम बहस होनी है। इस बहस में राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के मुद्दों को उठाया जाएगा।
जारी भाषा