कई स्टार खिलाडि़यों से सजी दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम कल यहां पर्थ स्कोर्चर्स के खिलाफ अपनी चमक बिखेरकर चैंपियन्स लीग ट्वेंटी . 20 क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल के करीब पहुंचने की कोशिश करेगी।
डेयरडेविल्स ने अपना पहला मैच जीता था लेकिन कल रात जोहानिसबर्ग में आकलैंड के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। उसके अब दो मैच में छह अंक हैं।
दूसरी तरफ से पर्थ की टीम पहले मैच में हार गयी थी जबकि गुरुवार को उसका मैच भी बारिश से धुल गया था। उसके दो मैच में केवल दो अंक हैं। उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखने के लिये कल हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
डेयरडेविल्स ने अपने पहले मैच में आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को हराया था। उस मैच में उसके बल्लेबाजों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया लेकिन वे प्रतिस्पद्र्धी स्कोर खड़ा करने में सफल रहे थे। इसके बाद उसने तेज गेंदबाजों की मदद से स्कोर का अच्छी तरह से बचाव किया।
दिल्ली की टीम के पास डेविड वार्नर, कप्तान माहेला जयवर्धने, वीरेंद्र सहवाग और केविन पीटरसन के रूप में चार मैच विजेता हैं। इनमें से कोई भी अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकता है। युवा बल्लेबाज उन्मुक्त चंद ने पहले मैच में अपने खेल से प्रभावित किया जिससे दिल्ली के मध्यक्रम को मजबूती मिली है।