पंजाब एवं मध्य प्रदेश में गर्मी से 10 लोगों की मौत हो गयी और उत्तर एवं पश्चिमी भारत में आज भी लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में कल शाम से अभी तक लू के कारण सात लोेगों की मौत हो गयी। जिले का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। उधर पंजाब के बटाला औद्योगि शहर में गर्मी से तीन लोेगों की मौत हो गयी।
राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 41.2 एवं न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा और आद्रता 42 से 73 फीसदी के बीच रही।
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में आज तापमान सामान्य से आठ डिग्री तक अधिक रहा। हरियाणा में नारनौल 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म और पंजाब में अमृतसर 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। दोनों राज्यों में बिजली की कटौती से भी लोगों को काफी परेशानी हुयी।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी एवं उमस भरा मौसम बरकरार रहा और मौसम विभाग ने संभावना जतायी है कि अगले तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून राज्य के कुछ इलाकों की तरफ बढ़ सकता है। राज्य के फतेहगढ़ में सबसे अधिक तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा और यहां का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।