बिहार के नवादा जिला में आज दो अलग-अलग सडक दुर्घटनाओं में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस उपाधीक्षक शहरयार अख्तर ने बताया कि हिसुआ थाना अंतर्गत बैधनाथपुर रेलवे क्रांसिग के समीप आज दोपहर बाद एक अनियंत्रित बोलेरो जीप से कुचलकर एक बच्चा सहित दो लोगों को घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
अख्तर ने बताया कि मृतकों में हिसुआ थाना के अमरपुर गांव निवासी झरी मांझी :40: और सीतामढी थाना के रेपुरा गांव निवासी गोपाल कुमार :10: शामिल हैं। दोनों उक्त जीप की चपेट में उस समय आ गए जब वे एक चाय की दुकान पर बैठे हुये थे। ग्रामीणों ने बोलेरो जीप के चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नवादा सदर अस्पताल भेज दिया और जीप को जब्त कर लिया है।
अख्तर ने बताया कि सीतामढी गांव के निकट एक अन्य वाहन से कुचलकर एक अन्य 40 वर्षीय महिला की मौत हो गयी।
उन्होंने कहा कि मृतक महिला की तत्काल पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने महिला के शव को भी अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।