प्रदेश के निवर्तमान उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जिले के महू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अंतरसिंह दरबार के खिलाफ लगातार दूसरी बार किस्मत आजमा रहे हैं।
वर्ष 2008 के विधानसभा चुनावों में भी विजयवर्गीय और दरबार महू क्षेत्र में आमने..सामने थे। इन चुनावों में विजयवर्गीय ने दरबार को 9,791 मतों से पटखनी दी थी।
सूत्रों ने बताया कि विजयवर्गीय इस बार विधानसभा चुनावों में महू की जगह इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक..तीन से मैदान में उतरना चाह रहे थे। लेकिन भाजपा आलाकमान ने कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले विधानसभा क्षेत्र क्रमांक..तीन से पार्टी की प्रदेश इकाई की उपाध्यक्ष उषा ठाकुर को अपना प्रत्याशी बनाया और विजयवर्गीय को दोबारा महू से चुनाव लड़ने का आदेश दिया।
इंदौर शहर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक..पांच के तीन लाख सात हजार 939 मतदाता प्रदेश के निवर्तमान स्वास्थ्य राज्य मंत्री महेंद्र हार्डिया का भविष्य तय करेंगे।
वह इस क्षेत्र से वर्ष 2003 और 2008 में लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इस बार अपनी चुनावी जीत की हैट..ट्रिक लगाने की चुनौती का सामना कर रहे हार्डिया की टक्कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज संघवी से है।