Business Standard
Advertisement
टाटा मोटर्स का बड़ा मास्टर प्लान: 2031 तक आएंगी 4 नई इलेक्ट्रिक कारें, 3 गुना फास्ट होगी चार्जिंगशेयर बाजार में रौनक: टॉप-10 में से 6 कंपनियों की मार्केट वैल्यू ₹88,678 करोड़ बढ़ी, ICICI बैंक सबसे आगेगर्मी ने बदला बाजार का मिजाज: महंगे AC की बिक्री घटी, पर कोल्ड ड्रिंक्स-आइसक्रीम की जमकर हुई खरीदारीDividend Stocks: ₹130 का मोटा डिविडेंड! बजाज ग्रुप की कंपनी बांटेगी अपना मुनाफा, रिकॉर्ड डेट इसी हफ्तेदिल्ली में उमस का टॉर्चर, 50 डिग्री जैसा अहसास; मॉनसून की रफ्तार तेज पर UP-बिहार में अभी हीटवेव का अलर्टअमेरिका-ईरान के बीच फिर बढ़ा तनाव, ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के 10 ठिकानों पर किए बड़े हमलेIT डिपार्टमेंट ने ‘स्वैपिंग प्रोविजन्स’ के लिए 20,000 ITRs को किया फ्लैग: जानें अब आपके पास क्या है रास्ताEPFO की EDLI स्कीम: कर्मचारियों को मिलता है ₹7 लाख तक का फ्री लाइफ इंश्योरेंस, ऐसे कर सकते हैं क्लेमअगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं ट्रंप, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दी जानकारीनिवेशक दें ध्यान! अगले हफ्ते कजारिया सेरामिक्स समेत ये 3 कंपनियां करेंगी शेयर बायबैक, जानें पूरी डिटेल
अन्य समाचार राम मंदिर के लिए कटिबद्ध है भाजपा: अमित शाह
'

राम मंदिर के लिए कटिबद्ध है भाजपा: अमित शाह

PTI

- November,23 2018 4:55 AM IST

शाह ने यहां एक निजी स्कूल में प्रदेश के सात संभागों के युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम 'युवां री बात अमित शाह के साथ' को संबोधित किया। शाह ने बाद में शाम को बीकानेर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया।

जयपुर में कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता के सवाल पर शाह ने कहा, ‘‘अयोध्या में जहां रामलला विराजमान हैं, उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बने, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी कटिबद्ध है और यह हमारा देश से वादा है। इसमें एक इंच भी पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।’’

शाह के अनुसार भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह इस मुद्दे का न्यायिक समाधान चाहती है और वहां जल्द से जल्द राम मंदिर बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘जनवरी में अदालत में तारीख है और हमें पूरी आशा है कि राम जन्मभूमि मामले पर तेजी से सुनवाई होगी तथा फैसले के बाद वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। परंतु भाजपा अपने वचन से एक इंच भी पीछे नहीं जा सकती। उसी स्थान पर और डिजाइन के हिसाब से ही भव्य राम मंदिर का निर्माण करना, यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है जिसे लेकर हमारे मन में कोई संशय नहीं है।’’

केंद्र में ‘मजबूत’ नहीं, ‘मजबूर’ सरकार संबंधी बसपा नेता मायावती के बयान का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि मोदी के नेतृत्व में, वसुंधरा राजे के नेतृत्व में एक ‘मजबूत’ सरकार बने जो राजस्थान व देश के विकास के लिए आगे बढ़ सके।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये जो गठबंधन, गठबंधन, गठबंधन करते हैं... अभी मायावती ने कहा कि देश में ‘मजबूत’ सरकार नहीं चाहिए, ‘मजबूर’ सरकार चाहिए। उन्हें ‘मजबूर’ सरकार चाहिए, हमें ‘मजबूत’ सरकार चाहिए जो देश में विकास कर सके... राहुल गांधी के नेतृत्व में गठबंधन ‘मजबूर’ सरकार चाहता है और जो सरकार ‘मजबूर’ हो, वह कैसे देश का विकास कर सकती है?’’

इसके साथ ही शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ‘गठबंधन’ की बातों से भ्रमित न हों और यह महज एक ढकोसला है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी सब जगह घूम रहे हैं और अब उनको गठबंधन की थ्योरी सूझ रही है। गठबंधन कुछ नहीं है, गठबंधन एक ढकोसला है। भाजपा का समर्थक वोटर कार्यकर्ता जरा भी कन्फयूज न हो। मैं डंके की चोट पर कहना चाहता हूं कि 2019 में अब से ज्यादा बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।’’

युवा और रोजगार संबंधी एक सवाल पर शाह ने कहा यह भावनाओं से नहीं सुधरने वाला, न ही यह भाषणों से सुधरने वाला है, बल्कि यह तो देश के अर्थतंत्र के विकास से ही सुधरने वाला है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आती है तो वृद्धि दर नीचे जाती है, भाजपा आती है तो विकास दर ऊपर जाती है।

शाह ने कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र के अभाव का आरोप भी लगाया और कहा कि जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, वह देश के लोकतंत्र को कैसे सुरक्षित रख सकती है।

बीकानेर में कांग्रेस के एक प्रत्याशी द्वारा ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच सोनिया गांधी की ‘जय’ के नारे लगवाए जाने की कथित घटना का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘‘वंशवाद की राजनीति का इससे ज्यादा खराब परिणाम और क्या हो सकता है?’’

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को ‘भारत माता की जय’ बोलने में हिचकिचाहट होती है, उनको इस धरती का अन्न खाने का कोई अधिकार नहीं है। शाह ने कहा कि भाजपा ने वंशवादी राजनीतिक परंपराओं को देश से समाप्त किया है और देश की राजनीति में जब तक वंशवाद है, उसमें प्रतिभाशाली युवाओं को मौका नहीं मिल सकता है।

राज्य में एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की सरकार बनने की कथित परंपरा के सवाल पर उन्होंने इसे खारिज किया।

उन्होंने कहा, ‘‘इसी राजस्थान में भैरों सिंह शेखावत ने दो बार लगातार सरकार बनाई। पहले कई बार कांग्रेस की सरकारें भी बार-बार बनीं।’’

शाह ने कहा कि अगर इसे मिथक मान भी लें तो इस बार प्रदेश के युवा इसे तोड़ देंगे और पार्टी भी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement