यूपी में 1 करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन, टैबलेट या लैपटॉप

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 1:47 AM IST

उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी चुनावी सौगात का ऐलान किया गया है। प्रदेश सरकार 1 करोड़ नौजवानों को स्मार्ट फोन, टैबलेट या लैपटॉप देगी। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को विधानसभा में अपने संबोधन में इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में युवाओं को डिजिटल सक्षम बनाने के लिए 3,000 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन किया है। इसी धनराशि से युवाओं को यह सौगात दी जाएगी। 
मुख्यमंत्री अनुपूरक बजट पर विधानसभा में बोल रहे थे। उन्होंने किन्ही भी तीन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं को भत्ता देने की भी घोषणा की है। गौरतलब है कि इससे पहले पूर्ववर्ती सरकार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 15 लाख छात्रों को लैपटॉप बांटे थे।

सदन में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं की जब्त की गई जमीनों पर गरीबों और दलितों के लिए मकान बनेंगे। बीते कुछ सालों में प्रदेश में अपराधियों, माफिया व दंगाइयों के साथ ही भूमाफियाओं की बड़े पैमाने पर जमीनें जब्त की गई हैं। मुख्यमंत्री ने इन जमीनों पर सरकारी भवन व गरीबों के मकान बनाने का ऐलान किया था। 
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अपने राज्य में दुर्दांत माफियाओं को छिपाए थे, अब फिर उनको अपने पक्ष में करने की होड़ लगेगी। उन्होंने कहा कि याद रखें कि जो माफियाओं के पीछे जाएगा उसके पीछे पीछे बुलडोजर भी जाएगा। 

सरकारी कर्मचारियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने सदन में बड़ी घोषणा करते हुए वेतन लाभ की बात कही।

First Published : August 19, 2021 | 11:57 PM IST