Stock Market Crash: वैश्विक बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों की शुरुआत गिरावट में हुई। तीस शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेकस सेंसेक्स 200 से ज्यादा अंकों की गिरावट लेकर खुला जबकि निफ्टी 24,600 से नीचे आ गया। बाद में कारोबार के दौरान बाजार में गिरावट और बढ़ गई। चौतरफा बिकवाली की वजह से सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा फिसल गया। निफ्टी 50 भी करीब 250 अंक फिसलकर 24400 के नीचे आ गया।
व्यापार घाटा (Trade Deficit) बढ़ने की वजह से अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने और वैश्विक बाजारों में सुस्ती का असर भारतीय बाजार पर देखने को मिल रहा है। साथ ही इंडेक्स में हैवी वेटेज रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट ने भी बाजार को नीचे खींच रखा है।
नवंबर में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 37.8 अरब डॉलर की ऊंचाई पर पहुंच गया। वाणिज्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में आयात 27 फीसदी बढ़कर तकरीबन 70 अरब डॉलर रहा।
निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 18 दिसंबर की बैठक से पहले ब्याज दरों में कटौती के संकेतों को लेकर सतर्क रुख अपना रहे हैं। इसकी वजह भी बाजार में आज बिकवाली देखने को मिल रही है।
टॉप लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल का शेयर 3% से ज्यादा गिर गया। इंडेक्स हैवी वेट रिलायंस इंडस्ट्रीज लगभग 1.55% गिरकर कारोबार कर रहा था। साथ ही नेस्ले इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एलएडंटी, बजाज फिनसर्व, जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्रा सीमेंट के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
टॉप गेनर्स
दूसरी तरफ, सिर्फ टाटा मोटर्स (Tata Motors), अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी (ITC) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
दक्षिण कोरिया में बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे क्योंकि देश में राजनीतिक अनिश्चितताओं का निवेशकों की भावनाओं पर असर पड़ रहा है। फेडरल रिजर्व नीति के नतीजों से पहले एशियाई बाजारों के ज्यादा बाजार ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे थे।
सोमवार सुबह निक्केई 225 और एसएंडपी एएसएक्स 200 क्रमशः 0.60% और 0.79% चढ़कर कारोबार कर रहे। हालांकि, कोस्पी 0.72% नीचे था। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को मिलाजुला रुख रहा। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.25% गिरकर बंद हुआ। एसएंडपी 500 और नैस्डैक कंपोजिट क्रमशः 0.38% और 1.24% ऊंचे पर बंद हुए।
सोमवार (16 दिसंबर) को घरेलू इक्विटी बाजार इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी 24,700 के स्तर से नीचे फिसल गया। सेंसेक्स 384.55 अंक या 0.47% गिरकर 81,748.57 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 100.05 अंक या 0.4% गिरकर 24,668.25 पर बंद हुआ। आईटी और मेटल स्टॉक्स के साथ चीन के मिश्रित आंकड़ों के बाद एशिआई बाजारों में गिरावट के कारण बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स सोमवार को गिरावट में बंद हुए।
इस सप्ताह कैसी रह सकती है बाजार की चाल ?
निवेशकों का फोकस इस हफ्ते होने वाले अहम केंद्रीय बैंकों के फैसलों पर केंद्रित है। इसमें जापान का बैंक (Bank of Japan) और चीन का पीपुल्स बैंक (People’s Bank of China – PBOC) शामिल हैं।
अमेरिका में फेडरल रिजर्व 18 दिसंबर को अपना फैसला सुनाने वाला है। बाजार की उम्मीदें CME FedWatch टूल के अनुसार 25 बेसिस प्वाइंट की ब्याज दर में कटौती की ओर इशारा कर रही हैं।