कच्चे तेल की कीमतें सोमवार को 25 प्रतिशत से अधिक चढ़ गईं और भारतीय शेयर बाजारों सहित अधिकांश वैश्विक वित्तीय बाजार औंधे मुंह गिर गए। बीएसई का सेंसेक्स दिन के कारोबार में 2700 अंक से अधिक गिर गया था। हालांकि बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ। निफ्टी 50 इंडेक्स भी 24,000 के स्तर से नीचे पहुंच गया और दिन के कारोबार में 23,697.80 पर आ गया।
ऐसे में अहम सवाल यह है कि क्या बाजारों के लिए सबसे बुरा दौर खत्म हो गया है, या वे मंदी के दौर में फिसल रहे हैं? क्या गिरावट पर खरीदारी करना उचित है या फिर जब तक भू-राजनीतिक घटनाओं में स्पष्टता न आ जाए, इससे दूर ही रहना चाहिए? प्रमुख बाजार विशेषज्ञों ने सोमवार को शेयर बाजार में आई गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और इस पृष्ठभूमि में संभावित निवेश रणनीति के बारे में बात की।
इस स्तर पर हम तेल की कीमतों में वृद्धि को तेल बाजार में बड़े बदलाव के बजाय गंभीर घटना के रूप में देखते हैं। मौजूदा परिदृश्य में बहुत कुछ इस पर निर्भर करेगा कि युद्ध कब तक चलेगा और यह कितना भीषण होगा, कितने और देशों तक यह फैल जाएगा। इस बात के ऐतिहासिक डेटा हैं कि युद्ध जहां वर्षों तक चलते रहे हैं, लेकिन आमतौर पर पहले कुछ हफ्तों के बाद इनकी भीषणता में काफी कमी आती है।
इस बार किसी भी बाजार प्रतिक्रिया को लंबे समय तक चलने वाली संरचनात्मक कमजोरी के बजाय अल्पकालिक होना चाहिए। कहा जा रहा है कि, एक पूर्ण विकसित युद्ध में वृद्धि एक बड़ी बाधा होगी जिसके कारण हमें अपने इंडिया थीसिस पर पूरी तरह से पुनर्विचार करना होगा।
बाजार इस समय जो प्रतिक्रिया दिखा रहा है, वह है लगभग एक महीने तक 110 डॉलर के स्तर पर कच्चे तेल का बना रहना और मार्च तिमाही से परे आय पर कोई प्रभाव नहीं पड़ना। एक सप्ताह के भीतर इसमें किसी तरह का सुधार दिखने से धारणा तेजी से बदलेगी।
हमने तेल कीमतों में भारी उछाल और उसके बाद बाजार में बिकवाली की उम्मीद नहीं थी। हम मानकर चल रहे थे कि सप्ताहांत में तनाव कम होने के कुछ संकेत मिल सकते हैं। जब तक तनाव कम होने के स्पष्ट और ठोस संकेत नहीं मिल जाते, तब तक निवेशकों में घबराहट बने रहने की आशंका है।
अल्पावधि यानी अगले एक से दो हफ्तों या यहां एक महीने में अगर बुरी खबरें आती रहीं तो तो बाजार चिंतित रह सकते हैं। इस समय प्रतिक्रिया काफी हद तक फंडामेंटल्स के बजाय खबरों पर ज्यादा आधारित है। वास्तव में, इस भू-राजनीतिक स्थिति से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था और कॉरपोरेट लाभप्रदता में सुधार के मजबूत संकेत दिख रहे थे। दिसंबर तिमाही के आंकड़े भी बहुत उत्साहजनक थे।
निवेश के नजरिए से बात करें तो यदि बाजार में और गिरावट आती है तो खरीदारी पर विचार करना चाहिए। ऐतिहासिक रूप से, निवेश करने का इससे बेहतर समय शायद ही कभी होता है जब शेयर ऊंचाइयों से 30-40 प्रतिशत नीचे हों, बजाय इसके कि वे ऊंचे स्तर पर हों। हमने पहले भी इसी तरह की स्थितियां देखी हैं। रूस-यूक्रेन संघर्ष के दौरान भी, शुरू में तेल की कीमतें बढ़ीं, लेकिन काफी जल्दी ठंडी हो गईं।
निकट भविष्य में, हम निश्चित रूप से नहीं कह सकते कि बाजार फिर से बढ़ने से पहले और गिरेंगे या नहीं। लेकिन कुल मिलाकर, हम बहुत सकारात्मक बने हुए हैं। दिसंबर 2026 तक बाजार उस स्तर से बहुत ऊंचे स्तर पर बंद हो सकते हैं, जहां से उन्होंने इस वर्ष की शुरुआत की है।
हम अभी तक उस निचले स्तर पर नहीं हैं जब इक्विटी में अधिकतम निवेश कर दिया जाए। लेकिन बहुत से क्षेत्रों में थीमेटिक और ‘नरेटिव’ से संबंधित उफान कम हो गया है। अन्य उभरते बाजारों की तुलना में भारत का मूल्यांकन प्रीमियम भी काफी घट गया है। इस स्तर पर, इकिविटी उभरते बाजारों के निवेश का अपना उचित हिस्सा आकर्षित कर सकती है और इसके लिए विदेशी निवेशकों को चीन जैसे अन्य बाजारों को खरीदने के लिए भारत को बेचने की आवश्यकता नहीं होगी, खासकर यदि वे एआई थीम से सुरक्षा चाहते हैं।
यहां से कच्चे तेल और इक्विटी बाजारों की चाल काफी हद तक युद्ध बढ़ने पर निर्भर करेगी। यदि हालात ज्यादा गंभीर नहीं होते हैं तो मुझे नहीं लगता कि शेयर बाजार यहां से बहुत नीचे जाएगा। यदि अधिक देश/संगठन शामिल होते हैं, जैसे नाटो, या ईरान अपने पड़ोसी देशों पर बड़े हमले करता है और/या ईरान के नव-निर्वाचित नेता मारे जाते हैं, तो बाजार पर दबाव आ सकता है।