NFO Alert: जियोब्लैकरॉक म्युचुअल फंड ने जियोब्लैकरॉक बैलेंस्ड एडवांटेज फंड लॉन्च करने जा रहा है। यह एक ओपन-एंडेड डायनेमिक एसेट एलोकेशन फंड है। जो बाजार की परिस्थितियों के अनुसार इक्विटी और डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करते हुए लॉन्ग टर्म में कैपिटल ग्रोथ और इनकम जनरेट करने का प्रयास करेगा। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (NFO) 11 सितंबर 2026 को खुलेगा और 25 सितंबर 2026 को बंद होगा।
इस फंड का मकसद बाजार के अलग-अलग दौर में निवेशकों के लिए निवेश को बेहतर तरीके से मैनेज करना है। इसके तहत यह तय किया जाएगा कि बाजार की स्थिति को देखते हुए इक्विटी में निवेश बढ़ाने की जरूरत है या डेट में निवेश को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। फंड इसके लिए डेटा और बाजार से जुड़े अलग-अलग संकेतकों के आधार पर निवेश रणनीति अपनाएगा।
वैल्यू रिसर्च के मुताबिक, जियोब्लैकरॉक बैलेंस्ड एडवांटेज फंड में कम से कम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। इसके बाद अतिरिक्त निवेश भी 500 रुपये के मल्टीपल से किया जा सकता है। SIP के जरिए भी इस स्कीम में निवेश की सुविधा उपलब्ध है। इस स्कीम में डायरेक्ट और रेगुलर दोनों प्लान मौजूद होंगे। NFO के दौरान फंड की कीमत 10 रुपये प्रति यूनिट रखी गई है।
जियोब्लैकरॉक बैलेंस्ड एडवांटेज फंड की निवेश रणनीति तीन प्रमुख हिस्सों पर आधारित होगी। पहला डायनेमिक एसेट एलोकेशन, जिसके तहत कई बाजार संकेतकों के आधार पर इक्विटी में निवेश का स्तर तय किया जाएगा। दूसरा सिस्टमैटिक इक्विटी पोर्टफोलियो होगा। इसमें एक तय और व्यवस्थित प्रक्रिया के जरिए शेयरों का चयन किया जाएगा और पोर्टफोलियो तैयार किया जाएगा। तीसरी रणनीति डिसिप्लिन्ड फिक्स्ड इनकम स्ट्रैटेजी है। इसके तहत डेट और फिक्स्ड इनकम वाले निवेश में अनुशासित तरीके से निवेश किया जाएगा।
साथ ही फंड में इक्विटी और डेट में निवेश का अनुपात पहले से तय नहीं रहेगा। बाजार की स्थिति के अनुसार दोनों एसेट क्लास में निवेश को घटाया या बढ़ाया जा सकेगा। इसका मकसद बाजार में उपलब्ध मौकों का फायदा उठाने के साथ बदलती बाजार परिस्थितियों से जुड़े जोखिम को मैनेज करना है।
Also Read: कोटक म्युचुअल फंड का नया मल्टी सेक्टर FOF, ₹1000 से शुरू कर सकते हैं निवेश
यह फंड उन निवेशकों के लिए उपयोगी हो सकता है जो इक्विटी में निवेश के साथ डेट का संतुलन चाहते हैं और बाजार की स्थिति के अनुसार एसेट एलोकेशन में बदलाव की सुविधा चाहते हैं। फंड का निवेश लॉन्ग टर्म के निवेश को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस फंड का बेंचमार्क निफ्टी 50 हाइब्रिड कंपोजिट डेट 50:50 इंडेक्स (टीआरआई) होगा। फंड डायरेक्ट और रेगुलर दोनों प्लान में उपलब्ध होगा। इसमें ग्रोथ ऑप्शन दिया जाएगा। निवेशक इस फंड में एकमुश्त निवेश, SIP, STP और SWP की सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
SIP की सुविधा NFO के दौरान भी उपलब्ध होगी और NFO खत्म होने के बाद भी जारी रहेगी। जियोब्लैकरॉक बैलेंस्ड एडवांटेज फंड को सिड स्वामीनाथन और ऋषि कोहली मैनेज करेंगे।
जियोब्लैकरॉक AMC के MD एवं CEO सिड स्वामीनाथन ने कहा कि फंड का उद्देश्य टेक्नोलॉजी आधारित और डेटा के आधार पर निवेश रणनीति के जरिए बाजार की बदलती परिस्थितियों में निवेशकों के लिए इक्विटी और डेट के बीच निवेश को बेहतर तरीके से मैनेज करना है। वहीं, चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर ऋषि कोहली ने कहा कि डायनेमिक एसेट एलोकेशन और व्यवस्थित शेयर चयन के साथ फंड बाजार के उतार-चढ़ाव और जोखिम को मैनेज करने पर ध्यान देगा।
डिस्क्लेमर: यहां NFO की डीटेल दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।