Upcoming IPOs 2025: साल 2024 में शेयर मार्केट में IPO की बहार देखने को मिली थी, लेकिन 2025 इससे भी बड़ा होने वाला है। हम सबने 2024 में IPO की जो तेज रफ्तार देखी थी, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 2025 में साल 2024 का रिकॉर्ड टूट सकता है। रिलायंस JIO जैसे दिग्गज से लेकर Zepto और PhonePe जैसे नए सितारे तक, भारत की कुछ सबसे मशहूर और बड़ी कंपनियां इस साल दलाल स्ट्रीट पर कदम रखने के लिए तैयार हैं। निवेशकों में इसको लेकर उत्साह है, लोग बेसब्री से इन कंपनियों के IPO का इंतजार कर रहे हैं। आइए, एक नजर डालते हैं उन कंपनियों पर, जो इस साल मार्केट में कदम रखने की तैयारी कर रही हैं।
भारत का सबसे बड़ा डिपॉजिटरी NSDL भी पब्लिक होने जा रहा है। न्यूज वेबसाइट फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह भी एक पूरा OFS होगा, जिसमें मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। NSE और IDBI Bank जैसे बड़े नाम अपनी हिस्सेदारी बेचने वाले हैं। NSDL के एक अधिकारी ने फाइनेंशियल एक्सप्रेस से कहा, “हमारी डेडलाइन अगले महीने खत्म हो रही है। हम जल्दी में हैं और कोशिश करेंगे कि IPO उससे पहले लॉन्च हो जाए।” हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह कब आएगा।
LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया को SEBI से मंजूरी पहले ही मिल गई है और यह अब IPO के लिए तैयार है। यह पूरा ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, यानी सारी कमाई इसके साउथ कोरियन पैरेंट कंपनी को जाएगी। LG हम तमाम भारतीय लोगों के घरों का हिस्सा रही है। अब यह कंपनी शेयर मार्केट में एंट्री करने जा रही है। निवेशकों की नजर इस पर टिकी है।
टाटा ग्रुप एक बार फिर बड़ा धमाका करने जा रहा है। टाटा टेक्नोलॉजीज के सफल IPO के बाद अब टाटा कैपिटल मार्केट में उतरने को तैयार है। न्यूज वेबसाइट मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 10 इनवेस्टमेंट बैंकों को अपने साथ जोड़ा है। यह टाटा का अब तक का सबसे बड़ा IPO हो सकता है, जिसकी कीमत 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है। टाटा का नाम ही निवेशकों के लिए भरोसा है, और यह IPO इस साल का बड़ा आकर्षण बन सकता है।
भारत में रियल एस्टेट का बूम सीमेंट की मांग बढ़ा रहा है, और JSW सीमेंट इसका फायदा उठाने को तैयार है। JSW ग्रुप की इस कंपनी को Sebi से 4,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए मंजूरी मिल गई है। इसमें नए शेयर और OFS दोनों शामिल होंगे। इस साल यह IPO लॉन्च होने की उम्मीद है, और यह सीमेंट इंडस्ट्री में बड़ा नाम बन सकता है।
ऑडियो और वेयरेबल्स की दुनिया में तहलका मचाने वाली कंपनी boAt दूसरी बार IPO लाने की तैयारी में है। 2022 में यह कंपनी मार्केट में आने वाली थी, लेकिन खराब हालात के चलते पीछे हट गई। अब बोर्ड 2,000 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है। भारत में वेयरेबल मार्केट तेजी से बढ़ रहा है, और यह IPO 2025-2026 में लॉन्च हो सकता है। युवाओं में इसके प्रोडक्ट्स की जबरदस्त डिमांड इसे खास बनाती है।
यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। खबरों के मुताबिक, रिलायंस JIO 40,000 करोड़ रुपये का IPO लाने की तैयारी में है, और इसकी वैल्यूएशन करीब 120 बिलियन डॉलर हो सकती है। 5G में इसकी बादशाहत, बड़ा सब्सक्राइबर बेस और डिजिटल सर्विसेज में विस्तार इसे दशक का सबसे बड़ा IPO बना सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बनाने वाली कंपनी एथर एनर्जी भी इस लिस्ट में शामिल है। टाइगर ग्लोबल के सपोर्ट वाली इस कंपनी को Sebi से IPO की मंजूरी मिल गई है। इसमें 3,100 करोड़ रुपये के नए शेयर और OFS शामिल होंगे। आने वाले महीनों में इसका IPO लॉन्च हो सकता है, और EV सेक्टर में यह बड़ा कदम होगा।
वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली PhonePe भारत की सबसे बड़ी फिनटेक कंपनियों में से एक है। अब यह IPO की तैयारी में है, हालांकि अभी डिटेल्स सामने नहीं आई हैं। UPI ट्रांजैक्शंस के रिकॉर्ड और डिजिटल पेमेंट्स में दबदबे के साथ यह IPO भी इस साल चर्चा में रहेगा।
क्विक डिलीवरी की दुनिया में नाम कमाने वाली Zepto भी IPO लाने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह 7,000-8,800 करोड़ रुपये का IPO लाएगी। अपनी बेस इंडिया में शिफ्ट करने के बाद Zepto अप्रैल 2025 तक DRHP फाइल कर सकती है। 3.6 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन के साथ यह किराना डिलीवरी में बड़ा नाम है, और इस साल इसका IPO चर्चा में रहेगा।
HDFC बैंक की NBFC कंपनी HBD फाइनेंशियल सर्विसेज भी IPO लाने जा रही है। 12,500 करोड़ रुपये का यह ऑफर भारत का सबसे बड़ा NBFC IPO हो सकता है। सालों की अटकलों के बाद यह लॉन्च होने वाला है।