NFO Alerts: म्युचुअल फंड में निवेश के लिए मौका तलाश रहे निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। आईटीआई म्युचुअल फंड (ITI Mutual Fund) ने NFO लॉन्च किया है, जिसका नाम आईटीआई मल्टी एसेट एलोकेशन फंड है। यह हाईब्रिड कैटेगरी की ओपन-एंडेड मल्टी एसेट एलोकेशन स्कीम है, जो इक्विटी, डेट, गोल्ड/सिल्वर ईटीएफ और एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव्स में निवेश करेगी।
स्कीम का मकसद अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश के जरिए लॉन्ग टर्म में कैपिटल बनाना है। यह NFO 17 अगस्त से खुला गया है। यह 31 अगस्त 2026 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है। निवेशक NFO में 5,000 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं।
आईटीआई म्युचुअल फंड के NFO में निवेश के लिए न्यूनतम आवेदन राशि 5,000 रुपये है। इसके बाद निवेशक 1 रुपये के मल्टिपल में अतिरिक्त निवेश कर सकते हैं। स्कीम रेगुलर और डायरेक्ट प्लान में भी उपलब्ध है। दोनों प्लान में ग्रोथ और आईडीसीडब्ल्यू विकल्प मिलेंगे, जबकि आईडीसीडब्ल्यू के तहत पेआउट और रीइन्वेस्टमेंट विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
निवेशक SIP के जरिए शुरुआत कर सकते हैं। वहीं, न्यूनतम रिडेम्पशन या स्विच-आउट राशि 1,000 रुपये है। NFO को निलय दलाल ( इक्विटी) और लौकिक बागवे (डेट) मैनेज करेंगे।
Also Read: FOF कैटेगरी में क्वांट-निप्पॉन के नए फंड, आर्बिट्राज और डेट स्कीम पर फोकस; ₹500 से निवेश का मौका
फंड हाउस के अनुसार, यह स्कीम मल्टी एसेट एलोकेशन रणनीति के तहत अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश करेगी। सामान्य परिस्थितियों में कुल एसेट का 35-80 फीसदी इक्विटी, आरईआईटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स, 10-50 फीसदी डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स और 10-40 फीसदी गोल्ड/सिल्वर ईटीएफ तथा अन्य गोल्ड-सिल्वर से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में लगाया जाएगा।
गोल्ड और सिल्वर वाले हिस्से में सेबी की अनुमति के अनुसार एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव्स भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, 0-10 फीसदी हिस्सा इनविट्स की यूनिट्स में निवेश किया जा सकता है।
यह स्कीम की एक्टिव स्ट्रैटजी को फॉलो करेगी। फंड मैनेजर बाजार की मौजूदा स्थिति, व्यापक आर्थिक माहौल, ब्याज दर, महंगाई, कॉरपोरेट सेक्टर के प्रदर्शन, इक्विटी बाजार और बाजार में उपलब्ध लिक्विडिटी को ध्यान में रखकर एसेट एलोकेशन तय करेंगे। बाजार की परिस्थितियों के अनुसार पोर्टफोलियो में इक्विटी, डेट, आरईआईटी, इनविट्स, गोल्ड/सिल्वर ईटीएफ और कमोडिटी डेरिवेटिव्स का अनुपात बदला जा सकता है।
आईटीआई म्युचुअल फंड की यह स्कीम उन निवेशकों के लिए है जो लॉन्ग टर्म कैपिटल गैन चाहते हैं और अपने निवेश को अलग-अलग एसेट क्लास में रखना चाहते हैं। फंड में इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स, डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स, गोल्ड/सिल्वर ईटीएफ और एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव्स में निवेश किया जाएगा।
इस फंड का टियर-1 बेंचमार्क 50 फीसदी निफ्टी 500 टीआरआई, 30 फीसदी क्रिसिल कंपोजिट बॉन्ड इंडेक्स, 10 फीसदी फिजिकल गोल्ड की कीमत और 10 फीसदी सिल्वर की कीमत से बना है। इस स्कीम को रिस्कोमीटर पर बहुत अधिक जोखिम की कैटेगरी में रखा गया है।
(डिस्क्लेमर: यहां एनएफओ की जानकारी दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश संंबंधी फैसला करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श कर लें।)