भारतीय ऑटो सेक्टर इस समय ऐसी रफ्तार में दौड़ रहा है, जो पहली नजर में बेहद मजबूत लगती है। हर तरफ बिक्री बढ़ रही है, कंपनियां नए रिकॉर्ड बना रही हैं और मांग में कोई बड़ी कमजोरी नजर नहीं आ रही। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह तेजी लंबे समय तक टिकेगी या इसके पीछे छिपे खतरे अभी सामने आने बाकी हैं?
त्योहारों की मांग, गांवों में बेहतर हालात और ग्राहकों की बढ़ती खरीदारी ने इस सेक्टर को जोरदार सहारा दिया है। लेकिन इसी चमक के पीछे एक दूसरी कहानी भी चल रही है, जहां वैश्विक तनाव, महंगी होती लागत और सप्लाई चेन की चिंता धीरे-धीरे बढ़ती दिख रही है।
Axis Direct की रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहिया वाहनों की बिक्री में करीब 12 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई और कुल बिक्री 1.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई। TVS और Eicher Motors ने सबसे ज्यादा दम दिखाया, जबकि Hero MotoCorp ने भी स्थिर ग्रोथ बनाए रखी। तीनपहिया सेगमेंट में तो और भी तेज उछाल देखने को मिला, जहां बिक्री करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गई। TVS और M&M इस सेगमेंट में आगे रहे। कार बाजार भी पीछे नहीं रहा। कुल बिक्री करीब 9 प्रतिशत बढ़ी, जिसमें Toyota, M&M, MG Motor, Kia और Tata Motors ने मजबूत प्रदर्शन किया, जबकि Maruti Suzuki की ग्रोथ सीमित रही और Hyundai थोड़ा पीछे दिखा।
कमर्शियल व्हीकल यानी ट्रक और बसों की मांग भी मजबूत बनी रही। करीब 11 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिली, जिसका कारण है बढ़ती माल ढुलाई और पुराने वाहनों की रिप्लेसमेंट। ट्रैक्टर सेगमेंट में भी जोरदार तेजी रही। ग्रामीण मांग, अच्छी फसल की उम्मीद और पानी की बेहतर स्थिति ने बिक्री को ऊपर धकेला। M&M, Escorts और VST जैसी कंपनियों ने यहां अच्छा प्रदर्शन किया।
Emkay की रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2026 में भी ऑटो सेक्टर की रफ्तार नहीं टूटी। दोपहिया, कार और कमर्शियल व्हीकल तीनों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। खास बात यह रही कि इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक दोपहिया में तो लगभग 45 प्रतिशत की ग्रोथ देखी गई और बाजार में इसकी पकड़ मजबूत होती जा रही है।
ICICI Securities का कहना है कि मजबूत मांग, नए मॉडल और एक्सपोर्ट्स ने सेक्टर को सहारा दिया है। लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव अब चिंता का कारण बन रहा है। अगर यह तनाव बढ़ता है, तो कच्चे माल की कीमतें बढ़ सकती हैं, सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ सकता है।
Antique Stock Broking चेतावनी देता है कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव ऑटो सेक्टर के लिए नई अनिश्चितता ला सकता है। इसका असर निर्यात पर पड़ सकता है, माल ढुलाई महंगी हो सकती है और खासकर छोटे सप्लायर कंपनियों पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि फिलहाल बड़ी कंपनियां इस असर से काफी हद तक सुरक्षित नजर आ रही हैं।
Also Read | NBFC Stock पर ब्रोकरेज ने शुरू की कवरेज, BUY की दी सलाह; कहा- लॉन्ग टर्म में छिपा है मुनाफा
अब बात सबसे अहम, यानी निवेशकों के लिए कहां मौका दिख रहा है। अलग-अलग ब्रोकरेज हाउस इस सेक्टर में कुछ खास कंपनियों पर दांव लगा रहे हैं, लेकिन उनकी पसंद थोड़ी अलग-अलग है।
Axis Direct के मुताबिक दोपहिया सेगमेंट में TVS Motors और Eicher Motors लंबे समय के लिए मजबूत विकल्प माने जा रहे हैं। पैसेंजर व्हीकल और ट्रैक्टर सेगमेंट में M&M को सबसे दमदार प्ले माना जा रहा है, जबकि कार सेगमेंट में Maruti Suzuki पर भी नजर रखने की सलाह दी गई है। कमर्शियल व्हीकल में Ashok Leyland पसंदीदा बना हुआ है, जबकि Eicher Motors के CV बिजनेस पर भी नजर रखने की बात कही गई है।
वहीं Emkay की बात करें तो उनका झुकाव दोपहिया और कमर्शियल व्हीकल कंपनियों की तरफ ज्यादा है। उनके मुताबिक इस सेगमेंट में मांग का ट्रेंड बेहतर है और कीमत बढ़ाने की क्षमता भी ज्यादा है। दोपहिया में वे TVS Motors और Ather को मजबूत मानते हैं, लेकिन वैल्यूएशन के हिसाब से Bajaj Auto बेहतर दांव दिखता है। कमर्शियल व्हीकल में वे Tata Motors CV बिजनेस को इस साइकिल का लीडर मानते हैं। साथ ही ऑटो एंसिलरी में Shriram Pistons, Craftsman Automation, JK Tyre और Pricol को पसंद किया गया है।
ICICI Securities की नजर थोड़ी अलग है। वे मानते हैं कि अभी पूरे सेक्टर में मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन उनके टॉप पिक्स में Maruti Suzuki और Bajaj Auto शामिल हैं। उनका कहना है कि इन कंपनियों में डिमांड, एक्सपोर्ट और प्रोडक्ट स्ट्रेंथ का अच्छा बैलेंस है।
Antique Stock Broking के मुताबिक सेक्टर में GST कटौती के बाद तेज रिकवरी आई है और अगले कुछ क्वार्टर तक यह तेजी बनी रह सकती है। हालांकि वे चेतावनी भी देते हैं कि वैश्विक तनाव से जोखिम बना हुआ है। उनकी पसंद में Maruti Suzuki, TVS Motor और Bajaj Auto शामिल हैं, जहां उन्हें मध्यम अवधि में बेहतर रिटर्न की उम्मीद है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)