बिज़नेस स्ट्रैंडर्ड हिन्दी
फ्रांस गणराज्य के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10-12 फरवरी 2025 को फ्रांस की यात्रा की। 10 और 11 फरवरी 2025 को भारत और फ्रांस ने संयुक्त रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एक्शन समिट की अध्यक्षता की, जिसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेता, छोटे और बड़े उद्योगों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, गैर-सरकारी संगठनों के सदस्य, कलाकार और नागरिक समाज के लोग शामिल हुए। इस समिट का उद्देश्य ब्लेचली पार्क (नवंबर 2023) और सियोल (मई 2024) शिखर सम्मेलनों में प्राप्त महत्वपूर्ण उपलब्धियों को आगे बढ़ाना था। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक एआई क्षेत्र सार्वजनिक हित में सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय लाभदायक परिणाम देने में सक्षम होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने सफल एआई एक्शन समिट के आयोजन के लिए फ्रांस को बधाई दी, जबकि फ्रांस ने अगले एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत के प्रस्ताव का स्वागत किया।
दोनों नेताओं ने व्यापक और बहुआयामी द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। दोनों ने मार्सिले में भारत के महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया और अंतरराष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर प्रयोगात्मक रिएक्टर (ITER) सुविधा का दौरा किया।
राष्ट्रपति मैक्रों और प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि की, जो जनवरी 2024 में राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के बाद जारी संयुक्त बयान और जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री मोदी की बास्तील दिवस यात्रा के दौरान घोषित ‘होराइजन 2047 रोडमैप’ में रेखांकित किया गया था। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की सराहना की और इसे और तेज करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
यह प्रधानमंत्री मोदी की छठी फ्रांस यात्रा थी और यह राष्ट्रपति मैक्रों की जनवरी 2024 में भारत की गणतंत्र दिवस यात्रा के बाद हुई। दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध कितने प्रगाढ़ है, इनकी दोस्ती कितनी गहरी है, ये इस बात से पता चलता है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जब पेरिस से मार्सिले के लिए फ्रांसीसी राष्ट्रपति के लिए तय आधिकारिक विमान से निकले, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने साथ चलने का आग्रह किया। इतना ही नहीं राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में मार्सिले के पास कासिस के तटीय शहर में रात्रिभोज का आयोजन भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फ्रांसिसी राष्ट्रपति मैक्रों को भारत यात्रा का निमंत्रण दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस ओलंपिक 2024 की सफल मेजबानी के लिए राष्ट्रपति मैक्रों को बधाई दी और भारत के 2036 ओलंपिक आयोजन के लिए फ्रांस की विशेषज्ञता साझा करने की प्रतिबद्धता की सराहना की।
दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधारों की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित किया और बहुपक्षीय मंचों पर घनिष्ठ समन्वय पर सहमति जताई। फ्रांस ने फिर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अपना मजबूत समर्थन व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने वीटो के उपयोग को लेकर चर्चा जारी रखने पर सहमति जताई।
वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मार्च 2026 में नई दिल्ली में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष (India-France Year of Innovation) का भव्य उद्घाटन करने और उसका logo लॉन्च करने की घोषणा की गई।
दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग की गहराई और दीर्घकालिकता की पुष्टि की। उन्होंने स्कॉर्पीन पनडुब्बियों के निर्माण और DRDO द्वारा विकसित एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (AIP) प्रणाली को एकीकृत करने में हो रही प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने मिसाइल, हेलीकॉप्टर इंजन और जेट इंजन निर्माण पर जारी चर्चाओं की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस को पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर (MBRL) प्रणाली का निरीक्षण करने का सुझाव दिया।
दोनों देशों के बीच सैन्य अभ्यासों को मजबूत करने पर सहमति बनी। फ्रांसीसी विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल की भारत यात्रा और भारतीय नौसेना की ‘ला पेरोस’ अभ्यास में भागीदारी को रेखांकित किया गया। मॉर्च 2025 में आयोजित होने वाले ‘वरुण’ नौसैनिक अभ्यास को लेकर उत्साह व्यक्त किया गया।
दोनों नेताओं ने ‘FRIND-X’ (France-India Defence Startup Excellence) पहल की शुरुआत का स्वागत किया, जो रक्षा स्टार्टअप, निवेशकों और शिक्षाविदों को एक मंच प्रदान करेगा। दोनों देशों के रक्षा अनुसंधान संगठनों DGA और DRDO के बीच रक्षा तकनीकों पर एक R&D सहयोग ढांचा स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।
दोनों नेताओं ने परमाणु ऊर्जा के सतत विकास में योगदान को लेकर सहमति जताई और जैतापुर परमाणु ऊर्जा परियोजना से जुड़ी प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
दोनों देशों ने जलवायु परिवर्तन, सतत जीवनशैली और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली सुधारों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन (UNOC-3) की महत्ता को स्वीकार किया और जून 2025 में इसे सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। भारत-फ्रांस इंडो-पैसिफिक त्रिकोणीय विकास सहयोग की घोषणा की गई, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर केंद्रित परियोजनाएं चलाई जाएंगी।
दोनों नेताओं ने भारत के राष्ट्रीय संग्रहालय और फ्रांस म्यूज़ियम डेवलपमेंट के बीच सहयोग समझौते का स्वागत किया। भारत-फ्रांस सांस्कृतिक समझौते की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 2026 में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की घोषणा की गई। पेरिस ओलंपिक 2024 की सफल मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों को बधाई दी और भारत के 2036 ओलंपिक आयोजन के लिए फ्रांस की विशेषज्ञता साझा करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। मार्सिले में 2025 में रायसीना डायलॉग के एक विशेष क्षेत्रीय संस्करण के आयोजन की घोषणा की गई।
फ्रांस में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 10,000 तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई और भारत-फ्रांस अंतरराष्ट्रीय कक्षाओं (International Classes Scheme) की सफलता का उल्लेख किया गया। भारत-फ्रांस युवा पेशेवर योजना (YPS) के तहत युवाओं के आदान-प्रदान की सराहना की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीएम मोदी की इस यात्रा ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया। रक्षा, तकनीक, पर्यावरण, व्यापार, शिक्षा और वैश्विक कूटनीति में सहयोग को और सशक्त करने के लिए दोनों देश एकजुट हुए हैं। दोनों देशों ने ‘Horizon 2047 Roadmap’ के तहत दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
वार्ता के बाद भारत-फ्रांस संबंधों के लिए आगे का मार्गदर्शन देने वाली एक संयुक्त बयान को अपनाया गया। प्रौद्योगिकी और नवाचार, नागरिक परमाणु ऊर्जा, त्रिकोणीय सहयोग, पर्यावरण, संस्कृति और लोग-से-लोग संबंधों के क्षेत्रों में 10 परिणामों पर भी सहमति बनी।
क्र. सं. | MoU/ समझौतों/ संशोधनों के नाम | क्षेत्र |
---|---|---|
1. | भारत-फ्रांस कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) घोषणा पत्र | प्रौद्योगिकी और नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी |
2. | भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 के लिए logo का शुभारंभ | प्रौद्योगिकी और नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी |
3. | विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय (DST), भारत सरकार और इंस्टीट्यूट नैशनल डी रीसर्च एन इन्फॉर्मेटिक्स एट एन ऑटोमेटिक (INRIA), फ्रांस के बीच समझौता पत्र | प्रौद्योगिकी और नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी |
4. | फ्रांसीसी स्टार्ट-अप इनक्यूबेटर स्टेशन एफ में 10 भारतीय स्टार्ट-अप्स के होस्टिंग के लिए समझौता | प्रौद्योगिकी और नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी |
5. | उन्नत मॉड्यूलर रिएक्टर और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर पर साझेदारी स्थापित करने के लिए इरादे की घोषणा | नागरिक परमाणु ऊर्जा |
6. | परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE), भारत और फ्रांस के कंमिसेरिएट ए ल’एनर्जी एट ऑ लेनर्जी एल्टरनेटिव्स (CAE) के बीच वैश्विक परमाणु ऊर्जा साझेदारी केंद्र (GCNEP) से संबंधित सहयोग का एमओयू नवीनीकरण | नागरिक परमाणु ऊर्जा |
7. | भारत के DAE और फ्रांस के CEA के बीच GCNEP भारत और इंस्टिट्यूट फॉर न्यूक्लियर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (INSTN), फ्रांस के बीच सहयोग के लिए क्रियान्वयन समझौता | नागरिक परमाणु ऊर्जा |
8. | त्रिकोणीय विकास सहयोग पर संयुक्त इरादे की घोषणा | इंडो-पैसिफिक/ सतत विकास |
9. | मार्सिले में भारत के वाणिज्य दूतावास का संयुक्त उद्घाटन | संस्कृति/ लोग-से-लोग संबंध |
10. | पारिस्थितिकी संक्रमण, जैव विविधता, वन, समुद्री मामले और मत्स्य पालन मंत्रालय और भारत के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के बीच पर्यावरण के क्षेत्र में इरादे की घोषणा | पर्यावरण |
In Parliament : ‘‘मैं जानना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी का सोरोस से क्या रिश्ता है?’’