पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच इराक के पास एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। यह हमला कथित तौर पर ईरान की तरफ से भेजी गई एक ‘सुसाइड बोट’ से किया गया। सूत्रों के मुताबिक अमेरिका के स्वामित्व वाला और मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला तेल टैंकर सेफसी विष्णु इराक के खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास खड़ा था। तभी एक छोटी नाव तेज रफ्तार से टैंकर की तरफ आई और उससे टकराकर धमाका हो गया। इस हमले में टैंकर पर मौजूद एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। फिलहाल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
टैंकर पर कुल 28 लोग सवार थे। हमले के बाद बाकी 27 क्रू मेंबर और कर्मचारी सुरक्षित बचा लिए गए। सभी को इराक के बसरा शहर ले जाया गया है।
जहाज से जुड़ी कंपनी के सूत्रों ने कहा कि इस घटना से कंपनी बेहद दुखी है। उन्होंने कहा कि एक भारतीय नागरिक की मौत बहुत दुखद है और इस हमले की कड़ी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि इस मामले पर सख्त रुख अपनाया जाए और इस इलाके में काम कर रहे जहाजों के कर्मचारियों की सुरक्षा पक्की की जाए।
सूत्रों का कहना है कि दुनिया भर में जहाजों पर काम करने वाले नाविकों में भारतीयों की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से ज्यादा है। ऐसे में अगर इस इलाके में जहाजों पर हमले होते हैं तो भारतीय नाविक भी खतरे में पड़ सकते हैं।
Also Read | ईरान ने युद्ध खत्म करने के लिए रखी तीन शर्तें: मुआवजा, अधिकारों की मान्यता और सुरक्षा की गारंटी
जानकारी के मुताबिक सेफसी विष्णु एक बड़ा कच्चा तेल ले जाने वाला टैंकर है। यह जहाज 2007 में बना था। इसकी लंबाई करीब 228 मीटर और चौड़ाई करीब 32 मीटर है। यह जहाज फिलहाल मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत चल रहा है और इसकी क्षमता लगभग 74 हजार टन कच्चा तेल ढोने की है। (PTI के इनपुट के साथ)