Spurious liquor tragedy in Kallakurichi
तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में अवैध देशी शराब पीने से अबतक 34 लोगों की जान चली गई। वहीं, 100 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस बात की सूचना जिलाधिकारी एम. एस प्रशांत ने गुरुवार को दी।
जिलाधिकारी ने कल्लाकुरिचि में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि अवैध देशी शराब पीने से 109 लोग बीमार हैं और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस हालात से निपटने के लिए पास के सरकारी मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञों सहित पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों को सेवा में लगाया गया है। इसके अलावा लाइफ सपोर्ट सिस्टम वाली कई एम्बुलेंस भी मौके पर मौजूद हैं।
रिपोर्टे के मुताबिक, अवैध शराब बेचने के आरोप में 49 वर्षीय के गोविंदराज उर्फ कन्नुकुट्टी नामक शराब तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और 200 लीटर से अधिक शराब जब्त की।
पुलिस ने शराब के नमूनों को विल्लुपुरम की एक फोरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा था, जहां पता चला कि शराब में जहरीला मेथनॉल मोजूद है।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम एमके स्टालिन ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये और इलाज करा रहे लोगों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है। मामले की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी गोकुलदास सहित एक सदस्यीय आयोग की घोषणा की गई, रिपोर्ट 3 महीने के भीतर सौंपी जाएगी।
बीमार पड़ने पर अस्पताल भागे लोग
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात को कल्लकुरिची शहर और आस-पास के इलाकों के लोगों ने करुणापुरम में तस्करों द्वारा बेची गई अवैध शराब पी थी। शराब पीने के कुछ देर बाद ही कई लोगों ने चक्कर, सिर दर्द, उल्टी, जी मिचलाना, पेट दर्द और आंखों में जलन होने की शिकायत की। इन सभी लोगों को उनके परिवार के सदस्य शहर के एक निजी अस्पताल और कल्लकुरिची सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए। जहां 10 लोगों की मौत हो गई।
अफसरों के खिलाफ कार्रवाई
शराब कांड के बाद, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने CB-CID जांच के आदेश दिए। साथ ही जिला कलेक्टर श्रवणकुमार जाटवथ का ट्रांसफर करने के बाद एमएस प्रशांत को कल्लाकुरिची जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है।
कल्लाकुरिची के एसपी समय सिंह मीना को भी सस्पेंड कर दिया गया और उनकी जगह रजत चतुर्वेदी को नया एसपी नियुक्त किया। इसके अलावा, कई अन्य पुलिस अधिकारियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।