भारत

हार के डर से कांग्रेस बहाने बना रही: भाजपा

प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए जाने को लेकर राहुल गांधी को अदालत और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं पर आक्षेप लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 21, 2024 | 11:21 PM IST

भाजपा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि बैंक खातों को लेकर आयकर विभाग की कार्रवाई को कांग्रेस द्वारा ‘लोकतंत्र को फ्रीज’ करना करार देना देश का अपमान है। साथ ही पार्टी ने दावा किया कि इस मसले पर सरकार पर हमले कर विपक्षी पार्टी आगामी लोक सभा चुनाव में आसन्न हार को देखते हुए हताशा में बहाने बना रही है।

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा तथा कहा कि दोनों ने अपनी ‘बेहद गैर जिम्मेदाराना और शर्मनाक’ टिप्पणियों से विश्व स्तर पर भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार किया है।

प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए जाने को लेकर राहुल गांधी को अदालत और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं पर आक्षेप लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से सूख कर ‘कांटा’ हो गई है फिर भी अहंकारपूर्ण व्यवहार कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी ने कहा है कि अगर कांग्रेस का खाता फ्रीज हुआ है तो देश का खाता फ्रीज हुआ है। राहुल गांधी, भारत के लोकतंत्र को इस तरह शर्मसार न करें। ये देश और इस देश का लोकतंत्र आपकी पार्टी से बड़ा है।’ प्रसाद के साथ पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।

First Published : March 21, 2024 | 11:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)