देश के कई हिस्सों में शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकों (पीएसबी) की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर कर्मचारी और अधिकारी देशव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। इससे बैंक शाखाओं में आम ग्राहकों के काम, नकद लेन-देन और चेक क्लियरेंस जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि, हड़ताल का असर अलग-अलग राज्यों और शहरों में अलग अलग देखने को मिला।
बैंकरों ने कहा कि मुंबई में बैंकिंग कामकाज ज्यादातर सामान्य रहा। वहीं मध्य प्रदेश, गोवा, तेलंगाना, कोलकाता और उत्तर प्रदेश में ज्यादा असर देखने को मिला। खासकर टियर-3 व 4 यानी छोटे शहरों में बैंकिंग सेवाएं अधिक प्रभावित हुईं।
यूएफबीयू ने कहा कि महाराष्ट्र में बैंकिंग कामकाज लगभग पूरी तरह ठप रहा। राज्य में एक लाख से अधिक बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल हुए। यूनियन के मुताबिक, चेक क्लियरेंस का काम नहीं हो सका और बैंक काउंटर पर नकद लेन-देन लगभग बंद रहा। मनी मार्केट और विदेशी मुद्रा बाजार का कामकाज भी प्रभावित हुआ और केवल सीमित लेन-देन ही हो सका। मुंबई में कुछ जगहों पर बैंक शाखाएं खुली होने के बावजूद लेन-देन काफी कम रहा।
एक बैंक के शाखा प्रबंधक के मुताबिक एक शाखा में सिर्फ एक से तीन लेन-देन ही हुए। एक बैंक अधिकारी ने कहा, ‘शाखाएं खुली दिखाई दे सकती हैं, लेकिन अंदर कामकाज बहुत कम हुआ होगा।”
उन्होंने बताया कि चेक से जुड़े काम और बैंक की अन्य प्रत्यक्ष सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा के एक शाखा प्रबंधक ने कहा, ‘मुंबई में बैंकिंग कामकाज ज्यादातर सामान्य है। काम जारी रखने के लिए मुख्य कार्यालय के कर्मचारियों को भी शाखाओं में भेजा गया है। हालांकि, कोलकाता और उत्तर प्रदेश जैसे कुछ जगहों पर कर्मचारियों को शाखाओं में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। इससे बैंक का कामकाज चलाना मुश्किल हो रहा है।’
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक शाखा प्रबंधक ने कहा, ‘एटीएम में पर्याप्त नकदी डाल दी गई है और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं भी चल रही हैं। लेकिन शाखाओं में नकद जमा करने और निकालने का काम सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।’ इस दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चलती रहीं। इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और दूसरी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध रहीं। बैंकों ने यह भी कहा कि ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए एटीएम में पर्याप्त नकदी रखी गई थी।
हड़ताल से पहले बैंकों ने ग्राहकों को सलाह जारी कर जरूरी बैंकिंग काम हड़ताल से पहले ही पूरा करने को कहा था। भारतीय स्टेट बैंक ने अपनी सलाह में कहा कि वह जरूरी सेवाएं देने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, ग्राहकों से कहा गया कि वे बैंकिंग जरूरतों के लिए एटीएम, कस्टमर सर्विस पॉइंट और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल करें।