facebookmetapixel
Advertisement
वैश्विक चुनातियों के बावजूद भारतीय ऑफिस मार्केट ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 15% इजाफाJio IPO: DRHP दाखिल करने की तैयारी तेज, OFS के जरिए 2.5% हिस्सेदारी बिकने की संभावनाडेटा सेंटर कारोबार में अदाणी का बड़ा दांव, Meta और Google से बातचीतभारत में माइक्रो ड्रामा बाजार का तेजी से विस्तार, 2030 तक 4.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमानआध्यात्मिक पर्यटन में भारत सबसे आगे, एशिया में भारतीय यात्रियों की रुचि सबसे अधिकबांग्लादेश: चुनौतियों के बीच आजादी का जश्न, अर्थव्यवस्था और महंगाई बनी बड़ी चुनौतीपश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सतर्क, रणनीतिक तेल भंडार विस्तार प्रक्रिया तेजGST कटौती से बढ़ी मांग, ऑटो और ट्रैक्टर बिक्री में उछाल: सीतारमणसरकार का बड़ा फैसला: पीएनजी नेटवर्क वाले इलाकों में नहीं मिलेगा एलपीजी सिलिंडरकोटक बैंक ने सावधि जमा धोखाधड़ी मामले में दर्ज की शिकायत

डीजल पर ₹36 और पेट्रोल पर ₹17 प्रति लीटर का घाटा उठा रहीं तेल कंपनियां! क्या जल्द बढ़ेंगे दाम?

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, अंदर की तस्वीर और भी गंभीर है। पेट्रोल और डीजल बेचने वाली कंपनियां भारी नुकसान उठा रही हैं। मार्च में अब तक करीब 8,800 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है

Last Updated- March 20, 2026 | 2:48 PM IST
Petrol diesel price

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ते ही सबसे पहले झटका तेल बाजार को लगा। सऊदी अरब, इराक और यूएई जैसे बड़े सप्लायर अचानक पीछे हटे और सप्लाई में तेज गिरावट आ गई। फरवरी तक जहां हर हफ्ते भारी मात्रा में तेल बाजार में आ रहा था, वहीं मार्च में सप्लाई लगभग गायब हो गई। नतीजा साफ है, बाजार में कमी और कीमतों में उछाल। कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया और ट्रेंड अभी भी ऊपर की तरफ है।

भारत को झटका, तेल आयात हुआ आधा

इस झटके का सीधा असर भारत पर पड़ा। मार्च के पहले हफ्ते में भारत का तेल आयात गिरकर 1.9 मिलियन बैरल पर आ गया, जबकि कुछ ही हफ्ते पहले यह 25 मिलियन बैरल के आसपास था। यानी सप्लाई चेन में ऐसा ब्रेक लगा कि भारत जैसे बड़े आयातक को भी अचानक झटका लग गया। यह सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि आने वाले समय की चेतावनी है।

महंगा तेल, बढ़ता घाटा, बिगड़ता गणित

Systematix Institutional Equities की रिपोर्ट बताती है कि तेल की कीमत जैसे-जैसे बढ़ी, भारत का आर्थिक गणित गड़बड़ाने लगा। फरवरी में जहां औसत कीमत 69 डॉलर थी, वहीं मार्च में यह 110 डॉलर के पार पहुंच गई। इसका सीधा असर ट्रेड डेफिसिट पर पड़ा। सिर्फ एक महीने में 4 अरब डॉलर से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ जुड़ने का अनुमान है। अगर कीमतें यहीं टिकी रहीं, तो यह और बढ़ सकता है।

सबसे अहम बात, हर 1 डॉलर की बढ़ोतरी भारत के आयात बिल में हर महीने करीब 166 मिलियन डॉलर जोड़ देती है। यानी तेल सिर्फ महंगा नहीं हुआ, बल्कि अर्थव्यवस्था को खींच रहा है।

तेल कंपनियां रोज घाटे में, कीमत बढ़ना तय

रिपोर्ट के मुताबिक, अंदर की तस्वीर और भी गंभीर है। पेट्रोल और डीजल बेचने वाली कंपनियां भारी नुकसान उठा रही हैं। मार्च में अब तक करीब 8,800 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। हर दिन 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा बढ़ रहा है। पिछले 15 दिनों के औसत के हिसाब से डीजल पर 36 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल पर करीब 17.5 रुपये प्रति लीटर का नुकसान चल रहा है, जो मौजूदा हालात में यह घाटा और बढ़कर डीजल पर 55 रुपये और पेट्रोल पर 25 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकता है। सीधी बात, यह स्थिति ज्यादा दिन नहीं चल सकती। कीमतें बढ़ना अब लगभग तय माना जा रहा है।

गैस बाजार में भी झटका, LNG दोगुना महंगा

तेल के बाद दूसरा बड़ा झटका गैस मार्केट को लगा। कतर से सप्लाई लगभग ठप हो गई और LNG की कीमतें सीधे दोगुनी होकर 10 डॉलर से 20 डॉलर प्रति mmbtu तक पहुंच गईं। भारत की करीब 25 प्रतिशत गैस सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर उर्वरक, बिजली और इंडस्ट्री पर पड़ना तय है। ऊर्जा का हर स्रोत महंगा हो रहा है और इसका असर हर सेक्टर में दिखेगा।

किसे फायदा, कौन नुकसान में

इस संकट में हर कोई नहीं हार रहा। तेल और गैस निकालने वाली कंपनियां इस माहौल में कमाई कर सकती हैं। लेकिन जो कंपनियां इनका इस्तेमाल करती हैं, उनके लिए यह बड़ा झटका है। गैस आधारित कंपनियों पर खास दबाव रहेगा। ब्रोकरेज ने रिलायंस, दीप इंडस्ट्रीज और गल्फ ऑयल जैसे स्टॉक्स को लेकर बुलिश रुख अपनाया है, जबकि गैस कंपनियों को लेकर सतर्कता दिखाई है।

आगे क्या, राहत या और झटका?

सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या यह सिर्फ शुरुआत है? अगर पश्चिम एशिया का तनाव लंबा चलता है, तो सप्लाई सामान्य होने में समय लगेगा। इसका मतलब है कि कीमतें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। ऊर्जा महंगी, खर्च बढ़ा, कंपनियां दबाव में और आम आदमी पर असर, यह पूरा चक्र अब शुरू हो चुका है।

Advertisement
First Published - March 20, 2026 | 2:48 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement